
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
जे.सी. बोस विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद ने आज आचार्य जगदीश चंद्र बोस को उनकी 85वीं पुण्यतिथि पर याद किया तथा श्रद्धांजलि अर्पित की। जगदीश चंद्र बोस भारत के आधुनिक विज्ञान के अग्रदूत और बेतार संचार के जनक थे।कुलपति प्रो. सुशील कुमार तोमर ने आज विश्वविद्यालय में जगदीश चंद्र बोस को पुष्पांजलि अर्पित की और उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर बोलते हुए कुलपति ने कहा कि जे.सी. बोस अपने समय से काफी आगे थे। उन्हें भारत में न केवल प्रायोगिक विज्ञान के संस्थापक के रूप में जाना जाता है अपितु उन्होंने वनस्पतिशास्त्री, जीवविज्ञानी और विचारक के रूप में भी पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि आचार्य बोस का जीवन युवा शोधकर्ताओं के लिए आदर्श है और उन्हें महान भारतीय वैज्ञानिक के जीवन और कार्यों से सीख लेनी चाहिए। विश्वविद्यालय के छात्र तथा शिक्षक जे.सी. बोस की प्रतिमा के पास एकत्रित हुए तथा और उनकी पुण्यतिथि पर भारतीय महान वैज्ञानिक को पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का आयोजन डीन स्टूडेंट वेलफेयर कार्यालय द्वारा किया गया।उल्लेखनीय है कि आधुनिक विज्ञान के क्षेत्र में जगदीश चन्द्र बोस की उपलब्धियों को मान्यता देते हुए राज्य सरकार ने वर्ष 2018 में इस महान वैज्ञानिक के नाम पर विश्वविद्यालय का नामकरण किया गया था।
