
राष्ट्रीय एकता दिवस पर सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कुलपति प्रो. सुशील कुमार तोमर एवम्ं अन्य
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
जे.सी. बोस विज्ञान एवम्ं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद ने आज राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आधुनिक भारत के एकीकरणकर्ता लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी 147वीं जयंती पर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. सुशील कुमार तोमर, कुलसचिव डॉ. एस. के. गर्ग, कर्मचारियों और छात्रों ने विश्वविद्यालय की युद्ध नायक स्मारक दीर्घा पर सरदार वल्लभ भाई पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
पुष्पांजलि के बाद कुलपति प्रो. तोमर ने छात्रों और स्टाफ सदस्यों को संबोधित किया। सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए कुलपति प्रो. तोमर ने कहा कि सरदार पटेल ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम में और स्वतंत्रता उपरांत कई रियासतों को भारतीय संघ में शामिल होने के लिए राजी करके देश के एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि यह दिन देश के लिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। उन्होंने छात्रों से देश की एकता और अखंडता को बनाये रखने में अपना योगदान देने का भी आह्वान किया।
इस मौके पर डीन छात्र कल्याण प्रो. लखविंदर सिंह, निदेशक युवा मामले प्रो. प्रदीप डिमरी, डीन कॉलेज प्रो. तिलक राज, डिप्टी डीन डॉ अनुराधा पिल्लै, डॉ पवन सिंह मलिक, डॉ नीतू गुप्ता और कई छात्र और स्टाफ सदस्य उपस्थित थे।
