
विशेषज्ञ वक्ता अलका रावत को पुस्तक भेंट करते हुए विभागाध्यक्ष डाॅ. पवन सिंह मलिक
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के संचार एवं मीडिया तकनीकी विभाग द्वारा विज्ञापन में उभरते रुझानों पर एक विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किया। व्याख्यान सत्र का आयोजन यूजी और पीजी छात्रों के लिए किया गया था। राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश में सहायक प्रोफेसर अलका रावत व्याख्यान के लिए विशेषज्ञ वक्ता रहीं। विभाग के अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने विशेषज्ञ वक्ता का स्वागत किया।
अलका रावत ने छात्रों समझाया कि किस तरह से विपणन के चार स्तंभों विज्ञापन, उत्पाद, स्थान और मूल्य में विज्ञापन सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रचार की विभिन्न तकनीकों की विस्तार से जानकारी दी, जिनका उपयोग एक विज्ञापनदाता वर्तमान और संभावित ग्राहक के साथ संवाद करने के लिए करता है। सत्र के दौरान, उन्होंने विज्ञापन और जनसंपर्क उद्योग के लिए कार्य क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने प्रचार की पांच सामान्य श्रेणियों – विज्ञापन, व्यक्तिगत बिक्री, बिक्री संवर्धन, जनसंपर्क और प्रचार, और प्रत्यक्ष बिक्री पर भी चर्चा की। छात्रों को विज्ञापन उद्योग के बारे में व्यापक व्यावहारिक और औद्योगिक अनुभव प्राप्त हुआ। व्याख्यान का आयोजन डीन (फ्लैम्स) प्रो. अतुल मिश्रा तथा विभागाध्यक्ष डॉ. पवन सिंह मलिक की देखरेख में किया गया। विभागाध्यक्ष ने व्याख्यान आयोजन के लिए संकाय सदस्यों के प्रयास की सराहना की। व्याख्यान का संचालन विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. भारत धीमान द्वारा किया गया।
