फरीदाबाद में जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी। इसके तहत 15 जून से 14 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और 22 सितंबर को अंतिम सूची प्रकाशित होगी।
HighLights
- 15 जून से 14 जुलाई तक बीएलओ घर-घर सत्यापन।
- 21 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।
- 22 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण कार्य विशेष अभियान के लिए पहली जुलाई अर्हता तिथि निर्धारित की है।
पांच जून से 14 जून तक मतदाता सूची की तैयारी, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा जरूरी दस्तावेज की छपाई का कार्य किया जाएगा। इसके बाद 15 जून से 14 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। साथ ही 14 जुलाई तक मतदान केंद्रों का युक्तिकरण (रैशनलाइजेशन) भी पूरा कर लिया जाएगा।
प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 21 जुलाई को किया जाएगा
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 21 जुलाई को किया जाएगा। इसके बाद 21 जुलाई से 20 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। उन्होंने बताया कि प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 21 जुलाई से 18 सितंबर तक चलेगी।
इसके पश्चात 22 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करना तय करें, ताकि मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके।
