फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) फरीदाबाद आयुष सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के ग्राम शाहपुर खादर में आयोजित पंचायत उपचुनाव लोकतांत्रिक उत्साह, पारदर्शिता एवं शांतिपूर्ण वातावरण के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुए। सरपंच पद के लिए आयोजित इस चुनाव में ग्रामीण मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं, जिनमें युवाओं, महिलाओं एवं बुजुर्गों में अपने गांव के विकास हेतु नए जनप्रतिनिधि के चयन को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। जिला प्रशासन एवं निर्वाचन अधिकारियों की निगरानी में संपूर्ण मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।
डीडीपीओ प्रामिंदर सिंह ने बताया कि मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के तुरंत बाद मतगणना कार्य भी शांतिपूर्ण तरीके से पूरा किया गया। घोषित चुनाव परिणामों के अनुसार, फरीदाबाद जिले के ब्लॉक तिगांव अंतर्गत ग्राम पंचायत शाहपुर खादर में सरपंच पद के चुनाव में मनोज कुमार भाटी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 74 वोटों के अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की।
