फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर फरीदाबाद के सेक्टर-37 स्थित सामुदायिक भवन में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा पहुंचे। कार्यक्रम में उनका समाज के गणमान्य लोगों द्वारा फूलमालाओं और अभिनंदन के साथ स्वागत किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने भगवान परशुराम के आदर्शों और उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि भगवान परशुराम का जीवन धर्म, सत्य और न्याय की स्थापना का प्रतीक है तथा उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में एकता और सद्भाव को और मजबूत किया जा सकता है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में बल्लभगढ़ के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा भी उपस्थित रहे। उन्होंने भगवान परशुराम जयंती की सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान परशुराम भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के महान प्रतीक हैं और समाज को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए। इस अवसर पर कार्यक्रम में मेयर प्रवीण जोशी, भाजपा जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, पूर्व विधायक टेकचंद शर्मा, पूर्व विधायक नारायण दत्त शर्मा, प्रधान ब्राह्मण सभा अमोल शर्मा, वरिष्ठ समाजसेवी ओपी. शर्मा, पी.सी. शर्मा तथा डॉ. हरिओम शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मंच पर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लिया और भगवान परशुराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
