फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / फरीदाबाद नगर निगम के “नई सोच, नया शहर” अभियान के अंतर्गत Green Hands NGO के सहयोग से के.एल. मेहता दयानंद महिला कॉलेज में जागरूकता कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
आईईसी एक्सपर्ट एवं जिला समन्वयक (एमसीएफ) कल्पना मंडल ने जानकारी दी कि निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के दिशा निर्देशों पर इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को 4-बिन हैबिट के माध्यम से कचरे के सही पृथक्करण की जानकारी दी गई। साथ ही सिंगल यूज़ प्लास्टिक (SUP) मुक्त वातावरण बनाने, 3R सिद्धांत (Reduce, Reuse, Recycle) को अपनाने तथा सामाजिक आयोजनों में “बर्तन बैंक” के अधिकतम उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए नुक्कड़ नाटक, डांस परफॉर्मेंस तथा विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंत में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने वाले उत्कृष्ट युवा स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. संगीता कुलश्रेष्ठ, ग्रीन हैंड्स एनजीओ की संस्थापक तुलिका सुनेजा, आईईसी एक्सपर्ट एवं जिला समन्वयक (एमसीएफ) कल्पना मंडल, कॉलेज की प्राचार्य डॉ. मीनू दुआ, आईक्यूएसी समन्वयक अमिता, तथा वाईआरसी काउंसलर डॉ. श्वेता आर्या और डॉ. बबीता शर्मा सहित कॉलेज के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
वक्ताओं ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को अपनी दैनिक आदतों का हिस्सा बनाएं तथा समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
