
Oplus_16908288
फरीदाबाद, जनतंत्र टुडे/ ग्राम मोहना एवं मोहियापुर के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त महोदय, फरीदाबाद से मुलाकात कर यमुना पुल पर ग्रीन एक्सप्रेसवे हेतु बनाए जा रहे बांध के निर्माण से संबंधित अपनी गंभीर समस्याएं पुनः रखीं।
ग्रामवासियों ने अवगत कराया कि उक्त बांध के निर्माण से उनकी कृषि भूमि पूरी तरह प्रभावित हो जाएगी, जिससे वे न तो खेती कर पाएंगे, न ही आवास निर्माण या कोई अन्य व्यवसाय हो सकता हैं। इससे उनकी भूमि का बाजार मूल्य भी अत्यधिक घट रहा है। जहां बांध के बाहर की भूमि का मूल्य लगभग 4 से 8 करोड़ रुपये प्रति एकड़ है, वहीं बांध के अंदर आने वाली भूमि का मूल्य घटकर लगभग 50 लाख रुपये प्रति एकड़ रह जाने की आशंका है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
ग्रामवासियों ने बताया कि इस संबंध में वे पूर्व में भी कई बार प्रशासन के समक्ष अपनी बात रख चुके हैं। दिनांक 05 फरवरी 2026 को माननीय मंत्री श्री राव नरवीर जी की अध्यक्षता में आयोजित ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में भी यह मुद्दा उठाया गया था, जिसमें आश्वासन दिया गया था कि समस्या के समाधान तक कार्य को रोका जाएगा। इसके पश्चात दिनांक 27 मार्च 2026 को उपायुक्त कार्यालय में तथा दिनांक 07 अप्रैल 2026 को एसडीएम एवं संबंधित समिति के ग्राम मोहना निरीक्षण के दौरान भी ग्रामवासियों ने यही मांग दोहराई थी।
इसके बावजूद निर्माण कार्य निरंतर जारी रहने से किसानों में गहरा असंतोष व्याप्त है।
आज की बैठक में उपायुक्त महोदय ने ग्रामवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा आश्वासन दिया कि इस विषय को उच्च स्तर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक प्रभावित किसानों की भूमि एवं भविष्य से संबंधित समस्याओं का संतोषजनक समाधान नहीं हो जाता, तब तक बांध निर्माण कार्य को स्थगित रखने के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित कर दिया गया है। इस संबंध में उन्होंने एनएचएआई (NHAI) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर से भी वार्ता की है।
ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस आश्वासन को शीघ्र प्रभाव से लागू किया जाए, ताकि किसानों को हो रहे नुकसान को रोका जा सके और उन्हें न्याय मिल सके।
