
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / हरियाणा बिजली निगम सर्कल फरीदाबाद के सेक्टर-23 स्तिथ बिजली दफ्तर के प्राँगण में सर्कल सचिव लेखराज चौधरी के नेतृत्व में भारी संख्या में बिजली कर्मचारी हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर यूनियन (हेड ऑफिस भिवानी-292) के बैनरतले एक मई “मजदूर दिवस” के उपलक्ष पर इकट्ठा होकर कर्मचारी एवम मजदूर विरोधी शोषणकारी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना रोष प्रकट किया ।
विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम के दौरान राज्य कमेटी के नेता विनोद शर्मा स्टेट चीफ ऑर्गनाइज़र सहित उपप्रधान सुनील चौहान व सहसचिव परवीन शर्मा मौजूद रहे । इस मौके पर बिजली के मीटरों की रीडिंग लेने वाले सभी 196 कर्मचारी मीटर रीडरों व 23 कन्ट्रोल रूम ऑपरेटरों सहित रामपाल फोरमैन ने दूसरी यूनियन एसोसिएशन को छोड़ कार्यक्रम के दौरान खुले मंच से एचएसईबी वर्कर यूनियन परिवार से नाता जोड़ते हुए यूनियन की सदस्यता ग्रहण कर भविष्य में यूनियन का डण्डा झण्डा थामने का 220 कर्मचारियों ने संकल्प लिया । जिसके बाद सभी मीटर रीडर व सभी साथियों का यूनियन नेताओं की तरफ से फूलमालाओं के साथ जोरदार स्वागत सम्मान किया गया ।
इस दौरान सर्कल सचिव लेखराज चौधरी ने बताया कि हम मजदूर दिवस क्यों मनाते हैं और कहा कि मजदूर दिवस (1 मई) दुनिया भर के श्रमिकों के संघर्ष, मेहनत और उपलब्धियों का सम्मान करने के लिए मनाया जाता है । यह दिन मुख्य रूप से 8 घंटे काम करने के अधिकार की जीत और सन 1886 में शिकागो के मजदूर आंदोलन (हेमार्केट कांड) की याद में समर्पित है, जिसने काम के घंटे निश्चित किए थे ।
ऐतिहासिक आंदोलन (1 मई 1886): अमेरिका में मजदूरों ने 14-18 घंटे काम करने के खिलाफ हड़ताल की और “8 घंटे काम, 8 घंटे आराम, 8 घंटे मनोरंजन” की मांग की, जिस पर पुलिस फायरिंग में कई मजदूर मारे गए थे ।अधिकारों की मान्यता: यह दिन दर्शाता है कि श्रमिकों को उचित वेतन, सुरक्षित कार्यस्थल और निश्चित कार्य समय पाने का अधिकार है । एकजुटता और सम्मान: यह मजदूरों की एकजुटता का प्रतीक है और देश के निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को सलाम करता है ।
इस मौके पर मुकेश शर्मा, सत्यवान, सुरेन्दर, राजेन्द्र नेहरा, बीरसिंह चैयरमैन, मामचन्द, सोनू गोला, मुकेश धतीर, राजेश, दयाराम, धर्मेंदर, राजबीर, सन्दीप गिल, जगजीत, नरेश आदि सहित भारी संख्या में बिजली कर्मचारी मौजूद रहे ।