
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / सेक्टर-33 स्थित विद्युत मंत्रालय के राष्ट्रीय विद्युत प्रशिक्षण प्रतिष्ठान (एनपीटीआई) में दो कर्मठ, जुझारू एवं ईमानदार अधिकारियों, श्री राकेश गुलाटी एवं सुश्री निशा पाल के सेवानिवृत्ति उपलक्ष्य में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सेवानिवृत्त अधिकारियों का स्वागत पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके उपरांत माननीय महानिदेशक महोदय श्री हेमंत जैन द्वारा दोनों अधिकारियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके उत्कृष्ट सेवाकाल को सम्मानित किया गया। महानिदेशक श्री जैन ने दोनों अधिकारियों के स्वस्थ, सुखद और समृद्ध भविष्य की कामना की। समारोह में संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों की उपस्थिति ने इसे भावनात्मक और यादगार बना दिया।
श्री राकेश गुलाटी ने 16, अक्टूबर- 1989 को एनपीटीआई, बदरपुर में असिस्टेंट स्टोर कीपर के रूप में अपनी सेवाएं प्रारंभ की थीं। लगभग 37 वर्षों के अपने लंबे सेवाकाल में उन्होंने अनुशासन, समर्पण और ईमानदारी की अद्भुत मिसाल प्रस्तुत की। उन्होंने बदरपुर एवं फरीदाबाद इकाइयों में कार्य करते हुए । अकाउंट, प्रशासन, होस्टल, स्टोर तथा सहित अनेक महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। प्रतिदिन रोहिणी, नई दिल्ली से लगभग 50 किलोमीटर की दूरी तय कर कार्यालय पहुंचना और सदैव मुस्कुराते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना उनकी कर्मनिष्ठा का जीवंत उदाहरण रहा।
वहीं सुश्री निशा पाल ने 13, मई- 2002 को एनपीटीआई, बदरपुर से एलडीसी के रूप में अपने करियर की शुरुआत की और जेएसओ पद से सेवानिवृत्त हुईं। लगभग 25 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने ट्रेनिंग एवं प्रशासन से जुड़े विभिन्न दायित्वों को निष्ठा, दक्षता और स्पष्टता के साथ निभाया। उनकी कार्यशैली सदैव अनुशासित, निर्भीक एवं पारदर्शी रही। उन्होंने लंबी दूरी तय करते हुए प्रतिदिन संस्थान को अपना श्रेष्ठ योगदान दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों जिनमें डॉ. एस. सेल्वम (प्रधान निदेशक), डॉ. इंदु महेश्वरी (प्रधान निदेशक), श्री सुरेन्द्र कुमार (निदेशक, प्रशासन), डॉ. वत्सला शर्मा (निदेशक, प्रशिक्षण) और श्री दुर्गाशंकर साहू (निदेशक, सिम्युलेटर) सहित अन्य अधिकारियों ने अपने विचार एवं शुभकामनाएं साझा करते हुए दोनों अधिकारियों के योगदान की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का मंच संचालन डा. के पी एस परमार (उप निदेशक) ने संभाला।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त अधिकारियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और संस्थान के साथ बिताए गए वर्षों को जीवन की अमूल्य धरोहर बताया। उन्होंने एनपीटीआई परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी के सहयोग और स्नेह को याद किया।