
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / महर्षि दयानंद सरस्वती ने समाज को सत्य पर चलने का रास्ता दिखाया ताकि लोग सत्य को पहचाने और उस पर अमल करते हुए अपने भविष्य को संवारे, क्योंकि सत्य पर चलने से जीवन की रहा सरल हो जाती है । यह बात आर्य समाज (सेंट्रल) सेक्टर 15 के 37वें वार्षिक उत्सव एवं सामवेद पारायण यज्ञ पर 31 कुंडीय महायज्ञ के उपरांत उपस्थित लोगों को प्रसिद्ध भजन उपदेशक पंडित दिनेश पथिक ने संबोधित करते हुए कही।
31 कुंडीय महायज्ञ आचार्य संतोष कुमार शास्त्री यज्ञ ब्रह्मा के सानिध्य में संपन्न हुआ। दिनेश पथिक ने कहा कि महर्षि दयानंद ने जीवन पर्यंत समाज के लिए कार्य किया। पाखंड में भटके लोगों को सही रास्ता दिखाया। आज हमें उनके बताए हुए मार्गों पर चलने की आवश्यकता है।
इसके पश्चात स्वामी सच्चिदानंद ने भी लोगों को संबोधित किया। इससे पूर्व आर्य समाज (सेंट्रल) सेक्टर 15 फरीदाबाद के प्रधान एस.पी. अरोड़ा ने समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को अंग वस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया, तथा आए हुए गणमान्य लोगों का स्वागत भी किया।
इस अवसर पर सुषमा वधवा, सुकीर्ति चावला, प्रेमलता गुप्ता, संजय खट्टर, आर. के. रेखी, रोहित खट्टर, किरण गुप्ता, जे. के. वधवा, विमल सचदेवा, सुधीर कुमार बंसल, रवि कुकरेजा, सहित शहर के अन्य आर्य समाजों के प्रधान, कार्यकारिणी के सदस्य, उद्योगपति तथा गणमान्य लोग उपस्थित थे।