
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे /
सुबह भीड़ भाड़ वाली व्यस्ततम सेक्टर- 29 की मुख्य सड़क पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब करीब 50 गायों का एक विशाल झुंड बेतरतीब तरीके से सड़क के बीचों-बीच दौड़ता नजर आया। जागरूक नागरिक वसु मित्र सत्यार्थी ने इस गंभीर लापरवाही को उजागर करते हुए बताया कि वह स्वयं इस स्थिति के कारण गायों के टकराने से संभावित दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बचे। जबकि अन्य लोगो ने बताया की यह नज़ारा रोज दिखाई पड़ता है ।
सत्यार्थी के अनुसार, जब वह सेक्टर- 29 मेन रोड से अमृता हॉस्पिटल की ओर जा रहे थे, तब एक व्यक्ति इन गायों को हांकते हुए ले जा रहा था। गायों का यह झुंड करीब तीन से चार किलोमीटर तक सड़क पर कभी दाएं तो कभी बाएं भागता रहा, जिससे पीछे चल रहे वाहनों की रफ्तार थम गई। सत्यार्थी की गाड़ी भी काफी देर तक इन गायों के पीछे फंसी रही और बड़ी मुश्किल से जगह मिलने पर वह आगे निकल पाए।
हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान सामने खड़े ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने इस खतरनाक स्थिति को देखने के बावजूद न तो गायों को रोकने का प्रयास किया और न ही उन्हें हांकने वाले व्यक्ति को टोका। गायों के इस तरह सड़क पर भागने से दोपहिया और चार पहिया वाहनों के टकराने की पूरी संभावना बनी हुई थी।
वसु मित्र सत्यार्थी ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य सड़कों पर इस तरह पशुओं को खुला छोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी जान माल की हानि को रोका जा सके और आवारा पशुओं के प्रबंधन के लिए उचित कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में कोई अप्रिय घटना न घटे।