
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से सेक्टर-33 स्थित विद्युत मंत्रालय के राष्ट्रीय विद्युत प्रशिक्षण संस्थान (एनपीटीआई) में अपोलो क्लिनिक और एसवीआर हॉस्पिटल के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में सैकड़ों विद्यार्थियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लेकर विभिन्न स्वास्थ्य जांचें कराईं।
एनपीटीआई के महानिदेशक एवं सदस्य (GO&D), CEA, श्री हेमंत जैन के दिशा-निर्देशन में संस्थान में समय-समय पर ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाते हैं, ताकि विद्यार्थियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्वास्थ्य बेहतर बना रहे।
शिविर के दौरान जनरल मेडिसिन, ऑर्थोपेडिक, पल्मोनोलॉजी, गायनेकोलॉजी, डेंटल, ईएनटी, फिजियोथेरेपी तथा डाइट कंसल्टेशन जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके अतिरिक्त बीपी, शुगर, पीएफटी और ईसीजी जैसी आवश्यक जांचें भी की गईं।
प्रतिभागियों ने विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के संबंध में विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श प्राप्त किया। चिकित्सकों ने बीमारियों से बचाव के उपायों और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
इस अवसर पर डॉ. इंदु माहेश्वरी, प्रिंसिपल डायरेक्टर (प्रशिक्षण) ने भी स्वयं अपनी स्वास्थ्य जांच करवाई और विशेषज्ञों से परामर्श लिया। कार्यक्रम में निदेशक (सिम्युलेटर) दुर्गाशंकर साहू, उप निदेशक भावना चौधरी, उप निदेशक (सिविल) एस. कार और उप निदेशक अशोक कुमार दीक्षित सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
शिविर का संचालन अपोलो क्लिनिक और एसवीआर हॉस्पिटल के अनुभवी चिकित्सकों की टीम द्वारा किया गया, जिसमें गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. विभा, फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. सुनील शर्मा, फिजिशियन डॉ. अंसार, डाइटिशियन डॉ. हिमांशू रानी तथा डेंटिस्ट डॉ. शाइसा सहित पैरामेडिकल स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।