
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / हरियाणा बिजली पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा प्रदेश के बिजली पेंशनर्स, फैमिली पेंशनर्स व उनके आश्रितों की समस्याओं का एक ज्ञापन मुख्यमंत्री हरियाणा नायब सिंह सैनी के नाम से कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल को उनके फरीदाबाद स्थित कार्यालय में सौंपा।
ज्ञापन पत्र में लिव ट्रैवल कंसेशन देने के नियमों में एक जनवरी 2028 से किए गए संशोधन को वापिस लेने, हर तीन महीने के अंतराल पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ हरियाणा सरकार व बिजली निगम अधिकारियों द्वारा मीटिंग निर्धारित करने, सभी बीमारियों के लिए कैशलैस चिकित्सा सुविधा के आदेश जारी होने तक वर्तमान में अधिसूचित सात जानलेवा बीमारियों की नगदी रहित ईलाज की सुविधा को सरकार व बिजली निगमों के पैनल के हॉस्पिटल में सुनिश्चित करने व कुछ राज्यों की भांति हरियाणा के बिजली पेंशनर्स की भी 65,70,75 साल की उम्र होने पर क्रमश: 5 प्रतिशत, 10 प्रतिशत, 15 प्रतिशत अतिरिक्त पैंशन बढ़ाने जैसी ज्वलंत मांगों को शामिल किया गया है।
एल टी सी देने की वर्तमान निति के तहत पेंशनर्स को चार साल के ब्लॉक ईयर में एक बार एक महीने की पेंशन डायरेक्ट कैश ट्रांसफर के माध्यम से उनके खाते में डाल दी जाती है। परन्तु हरियाणा सरकार ने एक जनवरी 2028 से पर्यटन को बढ़ावा देने के नाम पर इस नीति में बदलाव कर प्रतिपूर्ति की नीति को लागू करने की घोषणा की है। जो बुजुर्ग पेंशनर्स के लिए व्यवहारिक नहीं लग रही है। बूढ़े लोगों के लिए घर से दूर दराज के क्षेत्रों में आना जाना व खाना पीना उनके स्वास्थ पर बुरा असर डाल सकता है। पेंशनर्स के बेटा बेटी भी डिपेंडेंट में शामिल नहीं होते। इस तरह से पेंशनर्स में भारी रोष व्याप्त है।
ज्ञापन देने वालों में एसोसिएशन की केंद्रीय परिषद के मुख्य संगठन सचिव बीर सिंहए जिला इकाई फरीदाबाद के प्रधान देवी दयाल दिसोदिया, जिला सचिव बी एस भंडारी, संगठन सचिव विजय पाल शर्मा व अतिरिक्त कोषाध्यक्ष उमेश सेठी शामिल थे। मंत्री श्री गोयल ने पेंशनर्स की मांगों पर सरकार द्वारा सहानुभूति पूर्वक विचार कर समाधान करने का आश्वासन दिया है।