
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / बन्नूवाल बिरादरी ट्रस्ट, सी. दास फाउंडेशन और रेडियो महारानी के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को बैसाखी पावन पर्व बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम से उपस्थित लोगों को पंजाबी संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिली।
समारोह में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, राज्य मंत्री राजेश नागर, बड़खल विधानसभा से विधायक धनेश अदलखा, महापौर प्रवीण बत्रा जोशी व पूर्व मंत्री सीमा त्रिखा सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की। समारोह की अध्यक्षता धार्मिक गुरु पीर जगन्नाथ ने की, जबकि अतिथियों का स्वागत सी. दास ग्रुप के चेयरमैन बीआर भाटिया, बहादुर सिंह सब्बरवाल व बन्नूवाल बिरादरी ट्रस्ट फरीदाबाद के प्रधान राजेश भाटिया ने किया।
केएल मेहता महिला महाविद्यालय के प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलित करके किया गया, जिसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ। मंच पर कलाकारों ने भांगड़ा और गिद्धा जैसे पारंपरिक पंजाबी नृत्यों की शानदार प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। इसके अलावा लोक गीतों और संगीत ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान बड़खल विधानसभा से विधायक धनेश अदलखा ने उपस्थित लोगों को विश्वास दिलवाया कि अगले तीन सालों में एनआईटी क्षेत्र में पंजाबी धर्मशाला का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही वे समाज के प्रबुद्ध व्यक्तियों को साथ लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर उनसे पंजाबी धर्मशाला के लिए जमीन उपलब्ध करवाने की मांग करेंगे। समारोह में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के आयोजन का उद्देश्य न केवल त्योहारों को मनाना है, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना भी है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, पार्षद सुमन बाला, हरि कृष्ण गिरोटी, संगीता भाटिया, अजय नाथ, रविंद्र राणा, राजकुमार वोहरा, श्याम सुंदर कपूर, रोहित चंदर भाटिया सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की।