
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / स्मार्ट सिटी की प्रसिद्ध बड़खल झील का किनारा आज ‘राष्ट्र प्रेम और अनुशासन’ के संगम का प्रत्यक्षदर्शी बना। राष्ट्र सेविका समिति, हरियाणा प्रांत द्वारा आयोजित ‘स्वरांजलि’ कार्यक्रम के माध्यम से मातृशक्ति अपनी कला और राष्ट्र निष्ठा का अनूठा प्रदर्शन किया। इस भव्य आयोजन के माध्यम से स्वयं सेविकाओं ने समाज के विभिन्न वर्गों को एकजुटता, समरसता एवं राष्ट्र प्रथम के भाव के प्रति प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मेयर प्रवीण जोशी ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका केवल परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि ‘स्वरांजलि’ जैसे कार्यक्रम यह दर्शाते हैं कि अनुशासन और सामूहिक शक्ति के माध्यम से महिलाएँ समाज को नई दिशा दे सकती हैं।
मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्र सेविका समिति दिल्ली प्रांत संचालिका डॉ.चारू कालरा का उद्बोधन मुख्य रूप से राष्ट्र के प्रति महिलाओं के दायित्व और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण पर केंद्रित रहा। उनके मार्गदर्शन में सेविकाओं ने राष्ट्र की सुरक्षा और अखंडता के प्रति संकल्प दोहराया। साथ ही, हरियाणा प्रांत की प्रांत संचालिका रजनी गुलाटी की गरिमामय उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक ऊर्जा प्रदान की।