
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / अग्रवाल महाविद्यालय बल्लभगढ़ की छात्रा सलोनी ने हार्टफुलनेस एजुकेशन ट्रस्ट व श्री रामचंद्र मिशन और कॉमनवेल्थ सहयोगी संगठन द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित निबंध लेखन प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तृतीय पुरस्कार जीत कर अग्रवाल महाविद्यालय का नाम ऊंचा किया।
अग्रवाल महाविद्यालय बल्लभगढ़ की गवर्निंग बॉडी के चेयरमैन श्री देवेंद्र कुमार गुप्ता और महासचिव श्री दिनेश कुमार गुप्ता जी ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि कॉलेज के लिए ये निसंदेह गर्व का विषय है कि कॉलेज की छात्रा ने इंटरनेशनल लेवल पर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। शनिवार को हार्टफुलनेस एजुकेशन ट्रस्ट के स्वयंसेवक श्री एस.पी. शर्मा और बाल शिक्षण उत्थान के चेयरमैन श्री सुभाष चंद गोयल जी ने महाविद्यालय को इस उपलब्धि के लिए ट्रॉफी,सम्मान मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ० संजीव कुमार गुप्ता और कॉलेज की
कल्चरल कमेटी की कन्वीनर डॉ० सुप्रिया ढांडा ने हार्टफुलनेस एजुकेशन ट्रस्ट और
कॉमनवेल्थ सहयोगी संगठन का आभार प्रकट किया और विजयी छात्रा को बधाई दी।
प्राचार्य डॉ० संजीव गुप्ता ने कहा कि महाविद्यालय साँस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट
कार्य कर रहा है जिसके फलस्वरुप हमारे छात्रों का परिणाम हर क्षेत्र में उम्दा रहा हैं
और इसका श्रेय कॉलेज की पूरी मैनेजमेंट, गवर्निंग बॉडी, विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत
और कॉलेज की कल्चरल हेड मैडम सुप्रिया ढांडा के कुशल नेतृत्व को जाता है। प्राचार्य
डॉ संजीव गुप्ता ने विजयी छात्रा को शुभकामनाएँ दी। कॉलेज की कल्चरल कन्वीनर
डॉ० सुप्रिया ढांडा ने कहा कि ये पहली बार नही है, हमारे महाविद्यालय के छात्र
जोनल लेवल से लेकर नेशनल लेवल यूथ फेस्टिवल तक अपनी सफलता के परचम
लहरा, इतिहास रच चुके हैं और इस बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि भविष्य
में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए समस्त विद्यार्थियों को प्रेरणा देगी।
गौरतलब है कि इस निबंध प्रतियोगिता में विश्व के विभिन्न देशों के अनेक विद्यार्थियों ने भाग लिया और हिंदी भाषा माध्यम से अस्सी हजार से भी अधिक विद्यार्थियों के बीच अग्रवाल महाविद्यालय को ग्लोबल लेवल पर यह पहचान मिली है। समस्त स्टाफ सदस्यों ने विजयी छात्रा सलोनी को बधाई और शुभकामनाएं दीं।