
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के दिशा निर्देशों पर नगर निगम फरीदाबाद के कार्यकारी अभियंता संजीव कुमार ने एसडीओ व जेई अंकित गोयल की टीम के साथ गांव सीही में सीवर ओवर फ्लो की समस्या का मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर सीवरेज व्यवस्था की जांच की और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यकारी अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में सीवरेज की सफाई का कार्य लगातार चल रहा है। नगर निगम की टीम मशीनों और कर्मचारियों की मदद से सीवर लाइन की सफाई कर रही है मौके पर अब गलियों में किसी प्रकार का गंदा सीवर ओवर फ्लो का पानी जमा नहीं है।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान यह सामने आया है कि कुछ लोगों द्वारा सीवर लाइन में पशुओं का गोबर डाल दिया जाता है, जिससे सीवर लाइन ब्लॉक हो जाती है और पानी की निकासी बाधित हो जाती है। निगम की टीम द्वारा ऐसी लाइनों को साफ कराया जा रहा है ताकि पानी की निकासी सुचारु रूप से हो सके।
कार्यकारी अभियंता ने स्थानीय लोगों से भी अपील की कि वे सीवर लाइन में कूड़ा-करकट या पशुओं का गोबर न डालें, क्योंकि इससे सीवरेज व्यवस्था प्रभावित होती है और जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि नगर निगम द्वारा क्षेत्र की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जा रहा है और जल्द ही स्थिति सामान्य कर दी जाएगी।