
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / दिनांक 16.03.2026 को मुख्यमंत्री उडन दस्ता फरीदाबाद को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि जिला पलवल के नगर परिषद होडल कार्यालय में कर्मचारी अधिकारी देरी से आते हैं व प्रोपर्टी ID बनाने में धांधली की जा रही हैं।
इस सम्बंध में मुख्यमंत्री उडन दस्ता फरीदाबाद द्वारा श्री अनिल कुमार तहसीलदार होडल एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट व श्री देवेंद्र कुमार सेक्रेट्री नगर पालिका हथीन के साथ संयुक्त रूप से नगर परिषद होडल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में कुल 22 अधिकारी/कर्मचारी तैनात होने पाए गए। जिनमे 6 कर्मचारी समय पर हाजिर मिले, 8 कर्मचारी अन्य सरकारी कार्यो व अतिरिक्त चार्ज होने के कारण अन्य अतिरिक्त तैनाती पर जाने पाए गए व 7 कर्मचारी देरी से कार्यालय आये व 2 कर्मचारी गैरहाजिर मिले।
इसके अतिरिक्त कार्यालय में CM विंडो, सामान्य शिकायतें, जन्म म्रत्यु व विवाह पंजीकरण से सम्बंधित लंबित मामलों का रिकॉर्ड प्राप्त किया गया। निरीक्षण के दौरान वर्ष 2026 में बनाई गई प्रोपर्टी ID से सम्बंधित माह अनुसार रिकॉर्ड लेकर रेंडमली कुछ PID का रिकार्ड लेकर मौका पर जाकर निरीक्षण किया गया। जिनमे 2 प्रोपर्टी ID ऐसी पाई गई जिनमे पहले भूमि का प्रकार व्यवसायिक था लेकिन उसे रिहायशी में परिवर्तित कर दिया गया है। जबकि इस मामले में भूमि का प्रकार परिवर्तित करते समय नगर परिषद होडल के PID मेकर व चेकर द्वारा बकाया टैक्स का भुगतान करने, भवन निरीक्षक की मौका रिपोर्ट व व्यवसायिक निर्माण को हटाने उपरांत ही व्यवसायिक से रिहायशी में तब्दील किया जाना चाहिए था। लेकिन सम्बंधित लिपिक व सचिव नगर परिषद होडल द्वारा केवल रिहायशी भूमि के अनुसार डेवलपमेंट टेक्स लेकर नो डयूज जारी करके अनियमितता करनी पाई गई है। जिस सम्बध में नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
