
गुरुग्राम/नई दिल्ली , जनतंत्र टुडे / भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच व्यापारिक और तकनीकी रिश्तों को एक नई ऊंचाई देते हुए गुरुग्राम स्थित प्रोटाटेक इंडिया सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड और दक्षिण अफ्रीका की दिग्गज कंपनी पामोडजी टेक ने एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य वैश्विक बाजारों में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और टेक्नोलॉजी के माध्यम से व्यापार के नए अवसर तलाशना और ब्रिक्स देशों के बीच आपसी सहयोग को और अधिक सशक्त बनाना है।
सोमवार को इस ऐतिहासिक समझौते की प्रक्रिया तब पूरी हुई, जब पामोडजी ग्रुप का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल (Delegation) विशेष रूप से भारत दौरे पर पहुंचा। इस टीम में ग्रुप एचआर मैनेजर मोथेतज्वा सेठुन्या, लीगल हेड थांडो न्त्सेले, फाइनेंस कंट्रोलर अयांदा न्त्सेले और आईटी हेड तेबोहो माकात्सी शामिल थे। डेलिगेशन ने गुरुग्राम स्थित प्रोटाटेक इंडिया के मुख्यालय का दौरा किया और भविष्य की व्यापारिक रणनीतियों पर चर्चा की।
प्रोटाटेक इंडिया के संस्थापक और प्रेसिडेंट डॉ. अब्राहम कुमार ने इस अवसर पर कहा कि यह पार्टनरशिप वैश्विक तकनीकी सहयोग के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। हम एआई और सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट में अपनी विशेषज्ञता देंगे, जबकि पामोडजी टेक हमें दक्षिण अफ्रीका में विस्तार में खास तौर पर एआई और आईटी सॉल्यूशंस, प्रिसिजन इंजीनियरिंग, एविएशन और डिफेंस आदि क्षेत्र में सहयोग करेगी।
वहीं पामोडजी ग्रुप के मोथेतज्वा सेठुन्या ने विश्वास जताया कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के पुराने आर्थिक संबंधों को इस सहयोग से नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि इससे न केवल टेक्नोलॉजी ट्रांसफर होगा, बल्कि दोनों देशों के बीच इनोवेशन और बिजनेस ग्रोथ के नए रास्ते भी खुलेंगे। इस साझेदारी के तहत दोनों कंपनियां सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, एआई और आईटी सॉल्यूशंस, प्रिसिजन इंजीनियरिंग और उभरते हुए टेक्नोलॉजी सेक्टर्स में मिलकर काम करेंगी। समझौते के अनुसार दोनों कंपनियां ज्वाइंट बिज़नेस पार्टनरशिप, कोलैबोरेटिव प्रोजेक्ट्स और नॉलेज एक्सचेंज प्रोग्राम पर काम करेंगे। इसके जरिए दक्षिण अफ्रीका, भारत, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका जैसे प्रमुख बाजारों में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की योजना है। नई तकनीकों को विकसित करने के लिए मार्केट रिसर्च और जॉइंट बिजनेस मॉडल पर ध्यान दिया जाएगा।
प्रोटाटेक इंडिया सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड एडवांस्ड सॉफ्टवेयर सॉल्यूशंस डिजाइन करने में माहिर है और अमेरिका व ऑस्ट्रेलिया में भी इसकी सिस्टर कंसर्न्स (सहयोगी कंपनियां) सक्रिय हैं। वहीं, जोहान्सबर्ग स्थित पामोडजी टेक का प्रभाव आईटी, एविएशन (विमानन), डिफेंस, रिटेल और डेट कलेक्शन जैसे विविध क्षेत्रों में फैला हुआ है।
