
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के पूर्व राजनैतिक सलाहकार एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अजय गौड़ ने कहा है कि अमेरिका-इजरायल-ईरान के बीच जारी युद्ध के चलते देश में एलपीजी गैस की किल्लत केवल विपक्ष द्वारा फैलाई जा रही अफवाह है, जबकि सरकार हर प्रकार की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में एलजीपी सिलेंडर की कोई कमी नहीं है और पेट्रोलियम विभाग ने भी स्पष्ट कर दिया है कि देश में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है, ईधन पर्याप्त मात्रा में मौजूद है, लेकिन कांग्र्रेस को भारत की तरक्की हजम नहीं हो रही। यहां जारी प्रेस बयान में अजय गौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी साफ कहना है कि देश में घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति पर कोई संकट नहीं है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह गैस का संकट नहीं, बल्कि कांग्रेस द्वारा फैलाई जा रही अफवाह और जमाखोरी से पैदा किया गया कृत्रिम संकट है। श्री गौड़ ने कहा कि सरकार के पास पर्याप्त स्टॉक है, लेकिन विपक्ष के लोग भय और भ्रम फैलाकर लोगों को भ्रमित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले कांग्रेस का शासन लोगों ने देखा है कि कैसे गैस कनेक्शन के लिए लोगों को वर्षाे तक इंतजार करना पड़ता था, लेकिन मोदी सरकार बनने के बाद ऐसा सिस्टम बना कि गैस सिलेंडर घर-घर पहुंचाने की व्यवस्था की गई। उन्होंने कहा कि 2014 तक एलपीजी कवरेज करीब 55 प्रतिशत था, आज मोदी सरकार ने इसे करीब 99 प्रतिशत तक पहुंचा दिया है। कांग्रेस के समय सिफारिश से गैस कनेक्शन मिलते थे, लेकिन मोदी सरकार में गैस कनेक्शन तुरंत मिल रहे है।
अजय गौड़ ने कहा कि सच्चाई तो यह है कि कांग्रेस पार्टी आज पूरी तरह से मुद्दाविहिन हो चुकी है इसलिए सिर्फ विरोध प्रदर्शन करके अपने अस्तित्व को बचाने का काम कर रही है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि प्रदेश में गैस की कोई कमी नहीं है, सभी को समयानुसार घर पर ही गैस की सुचारु रुप से सप्लाई की जाएगी इसलिए लोग विपक्ष के भ्रामक प्रचार में आकर गैस एजेंसियों के बाहर भीड़ जमा न करे।
