
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / फरीदाबाद में आयोजित होने जा रहे भव्य फ्लावर फेस्टिवल का उद्घाटन शनिवार सुबह 8:30 बजे हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल द्वारा किया जाएगा। यह फ्लावर फेस्टिवल शहर के टाउन पार्क में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में शहरवासी और प्रकृति प्रेमी शामिल होंगे।
नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने जानकारी देते हुए बताया कि मेले के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मेले में आने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं तथा पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। इसके साथ ही टाउन पार्क में आने वाले लोगों के लिए पीने के पानी सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी विशेष प्रबंध किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस फ्लावर फेस्टिवल का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण को स्वच्छ और सुंदर बनाने का संदेश देना है, ताकि अधिक से अधिक लोग प्रकृति के प्रति जागरूक हों और पौधारोपण व हरियाली को बढ़ावा दें।
निगम आयुक्त ने आगे बताया कि यह फ्लावर फेस्टिवल हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के दिशा-निर्देशों तथा शहरी स्थानीय निकाय विभाग हरियाणा के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन में विभिन्न प्रकार के सुंदर फूलों की प्रदर्शनी, आकर्षक सजावट और कई रोचक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी, जिससे शहरवासियों को एक सुखद और यादगार अनुभव मिलेगा।
नगर निगम कमिश्नर ने मेले के शुभारंभ से पहले तैयारी का जायजा लिया । इस मौके पर एडिशनल कमिश्नर गौरव अंतिल, जॉइंट कमिश्नर असवीर सिंह सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
