
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / एनआईटी तीन स्थित डीएवी शताब्दी महाविद्यालय में डिस्ट्रिक्ट रेड क्रॉस सोसाइटी, फरीदाबाद और जय सेवा फाउंडेशन के सहयोग से एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। माननीय राज्यपाल प्रो. अशीम कुमार घोष के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित इस रक्तदान शिविर का उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद मरीजों की सहायता करना रहा ।
कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में संपन्न इस शिविर में छात्रों, शिक्षकों के साथ महाविद्यालय कर्मचारियों ने कुल 39 यूनिट रक्त दान किया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डिस्ट्रिक्ट रेड क्रॉस सोसाइटी के सेक्रेटरी, बृजेंद्र सोरोत, बतौर विशिष्ट अतिथि असिस्टेंट सेक्रेटरी, पुरुषोत्तम सैनी व पैट्रन, विमल खंडेलवाल शामिल हुए। मुख्य अतिथि बृजेंद्र सोरोत ने छात्रों को संबोधित करते हुए मानव सेवा रक्तदान के महत्त्व को समझाया और जीवन में लगातार रक्तदान के लिए प्रेरित किया | विशिष्ट अतिथि पुरुषोत्तम सैनी व विमल खंडेलवाल ने बताया कि रक्तदान से कोई शारीरिक कमजोरी नहीं आती और मानव शरीर 24 घंटे के दौरान ही नए रक्त का निर्माण कर लेता है जिससे शरीर में स्फूर्ति व रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है |
इस शिविर के आयोजन में महाविद्यालय की एनएसए., एनसीसी और वाईआरसी इकाइयों का विशेष सहयोग रहा। एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर एवं एनसीसी बॉयज़ यूनिट सीटीओ, डॉ. जितेंद्र ढुल और एनएसएस गर्ल्स यूनिट प्रोग्राम ऑफिसर, कविता शर्मा के मार्गदर्शन में स्वयंसेवकों ने शिविर की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संभाला और अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। वाईआरसी बॉयज़ यूनिट काउंसलर, डॉ. अमित शर्मा तथा गर्ल्स यूनिट काउंसलर, ओमिता जौहर का भी विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में छात्रों और स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना योगदान दिया।
