
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / महावीर इंटरनेशनल सोशल फाउंडेशन ने बीके अस्पताल में जिला रेड क्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद के सचिव बिजेंद्र सोरोत की गरिमामई उपस्थिति में वंचित परिवार की गर्भस्थ महिलाओं को स्वास्थ्यवर्धक सामग्री की किट बांटी। किट बांटने में एलवी ग्रुप ऑफ कंपनीज के निदेशक जी. प्रवीण और श्रीमती ज्योति बोरा ने संस्था के नौजवानों के साथ मिल कर सहयोग किया। ज्योति बोरा ने कहा कि किट में पोषक सामग्री रखी हुई है जो गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य ठीक रखने में मददगार होती है जिससे बच्चे का जन्म स्वस्थ हो सके।
एम आई एस एफ के संरक्षक वीर अजीत पटवा ने कहा कि यह एक उम्दा परियोजना है जिससे बच्चे का स्वस्थ जन्म होने से भारत की अर्थ व्यवस्था भी ठीक बनी रहती है क्योंकि बेमतलब की दवाओं के लिए विदेशी मुद्रा खर्च नहीं करनी पड़ती है। संस्था के महिला शाखा की संयोजक श्रीमती शिखा अरोड़ा ने नए जन्म हुए बच्चों के लिए उनकी माताओं को बेबी किट भी दिए, जिससे नये जन्में बच्चों को नए और साफ वस्त्र पहनने को मिल सके। संस्था के परियोजना निदेशक वीर उमेश अरोड़ा ने कहा कि यह गर्भावस्था से शैशवावस्था की परियोजना जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रबंधन में शुरू की गई है और प्रतिमाह 9 तारीख को एसे स्वास्थ्यवर्धक सामग्री के किट बांटे जाएंगे। उन्होंने फरीदाबाद की जनता से इस परियोजना में सहयोग की अपील की ।
बी के अस्पताल की मेडिकल ऑफिसर डॉ तन्वी गोयल ने स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ अपर्णा के साथ मिल कर गर्भवती महिलाओं का चयन किया जिन्हे किट प्रदान की गई। जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव विजेंदर सोरोत ने एम आई एस एफ का इस उम्दा परियोजना मे साथ देने का धन्यवाद किया। इस अवसर पर श्रीमती नीरू, श्रीमती कंचन, वीर प्रमोद सचदेवा, जय पाल आदि उपस्थित थे।
