
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / तिगांव विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक ललित नागर संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में ऑल इंडिया स्तर पर 72वीं रैंक हासिल करने वाले कनिष्क अग्रवाल के सेक्टर-28 स्थित निवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने फूलों का बुक्के भेंट कर उनका स्वागत किया और मुंह मीठा कराते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
इस दौरान श्री नागर ने कहा कि कनिष्क ने अपनी मेहनत और काबलियत की बदौलत पूरे फरीदाबाद का नाम देशभर में रोशन करने का काम किया है, आज हर शहरवासी को इस बच्चे पर गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि मेहनत और लग्र से हर लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है और इसे कनिष्ठ ने पूरी तरह साबित भी कर दिया। कनिष्क आज पूरे जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत बनकर उभरा है। पिछले वर्ष भी उन्होंने फरीदाबाद में 279 रैंक प्राप्त की थी और उनका चयन भारतीय राजस्व सेवा के लिए हुआ था और अब उनका चयन भारतीय प्रशासनिक सेवा के लिए होगा।
पूर्व विधायक नागर ने कनिष्क के दादा जगदीश चंद्र अग्रवाल, पिता सतेंद्र अग्रवाल, मां मीनाक्षी अग्रवाल के साथ-साथ मामा एडीजे रेवाड़ी डा. नरेश सिंघल व मामी सीमा देवी का भी मुंह मीठा कराते हुए उन्हें कनिष्ठ की उपलब्धि पर बधाई दी और कहा कि उनके द्वारा दिए गए अच्छे संस्कारों के चलते आज कनिष्ठ इस मुकाम पर पहुंचा और अब फरीदाबाद का यह बेटा देश की सेवा करेगा, जो कि गर्व की बात है। इस मौके पर उनके साथ मुख्य रुप से वीके अग्रवाल सुबोध नागपाल मौजूद थे।
