
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए संकल्पित होकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मोदी और नायब सैनी सरकार का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को केवल लाभार्थी ही नहीं, बल्कि ’राष्ट्र निर्माण’ में सक्रिय भागीदारी देना है। जिसमें ’मोदी की गारंटी’ के तहत विकसित भारत की नींव में नारी शक्ति को शामिल किया गया है।
फरीदाबाद में मेट्रो ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि बजट में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने महिलाओं के लिए गुरुग्राम में नारी मंडप की स्थापना और रोहतक, अंबाला, यमुनानगर तथा गुरुग्राम में वात्सल्य भवन बनाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास के मूलमंत्र पर चलते हुए हर क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य कर रही है।
श्री बड़ौली ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडो लक्ष्मी योजना का विस्तार करने की घोषणा भी की है। अब 1.80 लाख तक की आय वाले परिवारों की महिलाओं को भी हर महीने 2100 रुपये मिलने शुरू हो जाएंगे। इसके लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 6 हजार करोड़ रुपये से अधिक के बजट का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है वह करके दिखाती है। भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने के संकल्प को पूरा किया है।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि महिलाएं सशक्त और आत्मनिर्भर बने इसके लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बजट में वीटा बूथ आवंटन नीति के तहत स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की महिलाओं के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि लखपती दीदी जैसी योजनाओं से हरियाणा की महिलाएं स्वयं आत्मनिर्भर हो रही है और अपने परिवार को भी आर्थिक रूप से मजबूत कर रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि भाजपा महिला सशक्तिकरण को ’नारी सम्मान और राष्ट्र का अभिमान मानती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में नायब सैनी सरकार महिलाओं की शिक्षा से लेकर आर्थिक आत्मनिर्भरता, सुरक्षा और हर क्षेत्र में महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस मौके पर भाजपा ज़िला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, मेट्रो हॉस्पिटल वाईस प्रेसिडेंट डॉक्टर सना तारीक, डिप्टी मेडिकल डायरेक्टर डॉक्टर मंजिंदर भट्टी, डिप्टी जनरल मैनेजर डॉक्टर बिक्रम सिंह, ज़िला महामंत्री चौधरी प्रवीण गर्ग, शोभित अरोड़ा, ज़िला उपाध्यक्ष भारती भाकुनी, ज़िला सचिव मनीष छोकर, युवा मोर्चा ज़िला अध्यक्ष सचिन ठाकुर सहित सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
