
फरीदाबाद जनतंत्र टुडे / रोटरी क्लब फरीदाबाद वन की ओर से साईं धाम में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. रवि गुगनानी के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि फरीदाबाद की मेयर श्रीमती परवीन बत्रा जोशी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 300 लड़कियों का वैक्सीनेशन किया गया। वहीं रोटरी क्लब फरीदाबाद वन द्वारा चलाए जा रहे ‘प्रोजेक्ट पंख’ के तहत जरूरतमंद छात्राओं को 51 साइकिलें वितरित की गईं, जिससे वे आसानी से स्कूल जा सकें और अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने रोटरी क्लब फरीदाबाद वन व वीरेंद्र मेहता व उनकी टीम द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि क्लब के सदस्य जिस समर्पण भाव से समाज के हर वर्ग के लिए काम कर रहे हैं, वह वास्तव में प्रेरणादायक है और इससे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है। वहीं मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने भी वीरेंद्र मेहता और उनकी टीम की जमकर तारीफ की।
रोटरी क्लब फरीदाबाद वन के अध्यक्ष रोटेरियन राजीव सूद ने अपने संबोधन में कहा कि रोटरी क्लब का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज में वास्तविक बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि ‘प्रोजेक्ट पंख’ जैसी पहल से जरूरतमंद बच्चियों को शिक्षा से जोड़ने में मदद मिलती है और वैक्सीनेशन अभियान के माध्यम से महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब आगे भी समाजहित में ऐसे सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखेगा।
इस अवसर पर शिक्षा, समाजसेवा, स्वास्थ्य और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली फरीदाबाद की 9 महिलाओं को ‘इंटरनेशनल वंडर वुमन अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। जिसमें मेयर प्रवीण जोशी, वंदना भल्ला, डॉ सविता कुमारी, पूजा शर्मा, विजयलक्ष्मी, राणा भट्टी, लक्ष्मी शर्मा, डॉ नीतू कपूर, बीनू शर्मा शामिल रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मान देते हुए महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कई समाजसेवियों और प्रायोजकों का विशेष सहयोग रहा, जिनमें मैकॉबर बीकाय, रोटेरियन डॉ. मोतीलाल गुप्ता, डीजीएनडी धीरज भूटानी, डॉ. राकेश गुप्ता, वंदना कोचर भल्ला, वरिष्ठ पत्रकार महावीर गोयल, वीरभान शर्मा, एजी रोटेरियन मनोज सिंधु, रोटेरियन मनोज जैन, रोटेरियन अशोक टेकर शामिल रहे। इस मौके पर डॉ राकेश गप्ता , पार्षद कुलदीप साहनी, प्रियंका, सचिन शर्मा, करण सिंगला, सहित अनेक गणमान्य लोग विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस मौके पर संस्था के सचिव राहुल मखीजा, कोषाध्यक्ष आरके गुलाटी, विवेक सूद, संजय जुनेजा, अनिल बहल, जवाहर गुलाटी और अन्य रोटेरियन मौजूद रहे।
