
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / श्री खाटू श्याम मंदिर, सेक्टर-3 में श्याम सेवा परिवार द्वारा आयोजित 37वां वार्षिक श्री श्याम उत्सव श्रद्धा, भक्ति और भजनों की मधुर स्वर लहरियों के बीच अत्यंत भव्य एवं आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंदिर परिसर में बाबा श्याम का अलौकिक और भव्य दरबार सजाया गया, जहां हजारों श्रद्धालु भजनों की मधुर धुनों में डूबकर “जय श्री श्याम” के जयकारों के साथ भक्ति रस में सराबोर नजर आए।
कार्यक्रम के दौरान देश के विभिन्न स्थानों से पधारे सुप्रसिद्ध भजन गायकों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। सुप्रसिद्ध भजन गायिका सुरभि चतुर्वेदी, ब्रज रसिक विनोद शर्मा, नम्रता करवा, योगेश तिवाड़ी, नितिन श्याम दीवाना, मनीष लाडला तथा सूरज सिंह ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्ति रस में डूबोए रखा। कार्यक्रम का संचालन हरीश हिंदुस्तानी ने अपने प्रभावशाली और रोचक अंदाज में किया, जबकि भजनों की मधुर संगत में मन्नू भाई म्यूजिकल ग्रुप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस पावन अवसर पर ज्योति प्रज्वलन का शुभारंभ प्रेम पसरीचा और एच.के. बात्रा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में फरीदाबाद के मेयर प्रवीण बत्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में अजय गौड़ (पूर्व राजनीतिक सचिव, मुख्यमंत्री हरियाणा) भी शामिल हुए। कार्यक्रम के संयोजक प्रदीप पाडिया, कार्यक्रम अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल तथा समाजसेवी साकेत अग्रवाल ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आयोजन समिति के अध्यक्ष कैलाश शर्मा ने बताया कि श्याम सेवा परिवार द्वारा आयोजित यह वार्षिक उत्सव श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बाबा श्याम के दरबार में आने वाला हर भक्त अपनी श्रद्धा और विश्वास के साथ यहां आता है और बाबा की कृपा से उसे आत्मिक शांति तथा आध्यात्मिक ऊर्जा की अनुभूति होती है।
उपाध्यक्ष मधुसूदन माटोलिया ने कहा कि यह उत्सव फरीदाबाद में वर्षों से भक्ति, प्रेम और सामाजिक समरसता का संदेश देता आ रहा है और बाबा श्याम की कृपा से हर वर्ष यह आयोजन और अधिक भव्य स्वरूप लेता जा रहा है।
महासचिव राकेश माहेश्वरी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं और बड़ी संख्या में भक्तों ने बाबा के दरबार में उपस्थित होकर भजनों का आनंद लिया।
संयुक्त सचिव राजेश शर्मा ने कहा कि बाबा श्याम के दरबार में आने वाला प्रत्येक भक्त अपने जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और आत्मिक संतोष का अनुभव करता है।
कोषाध्यक्ष कैलाश जोशी ने कहा कि श्याम सेवा परिवार का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन करना ही नहीं, बल्कि समाज में भक्ति, प्रेम और सद्भाव का संदेश फैलाना भी है।
मीडिया समन्वयक विमल खंडेलवाल ने बताया कि इस भव्य आयोजन का सीधा प्रसारण सोशल मीडिया माध्यमों के माध्यम से भी किया गया, जिससे दूर-दराज़ के श्याम भक्त भी इस भक्ति उत्सव से जुड़ सके और बाबा श्याम के भजनों का आनंद ले सके।
कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा को सुसंगठित और प्रभावशाली स्वरूप देने में सी.पी. शर्मा एवं अमित पवन शर्मा का भी विशेष योगदान रहा। उन्होंने पूरे आयोजन की योजना और व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित ढंग से तैयार कर कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके मार्गदर्शन और समन्वय से कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हुईं, जिससे हजारों श्रद्धालुओं को भक्ति और सेवा से परिपूर्ण इस दिव्य आयोजन का आनंद लेने का अवसर मिला।
इस अवसर पर मार्गदर्शक मंडल में दामोदर प्रसाद शर्मा, पी.एल. खंडेलवाल, सुरेश शर्मा, पी.एन. चौमाल, डी.पी. लोछीब, पवन खेतान और सुरेश अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यकारिणी सदस्यगण में मधुसूदन माटोलिया (उपाध्यक्ष), राकेश माहेश्वरी (महासचिव), कैलाश जोशी (कोषाध्यक्ष), राजेश शर्मा (संयुक्त सचिव), श्रवण सिंह, अशोक मिश्रा, रवि मुद्गल, प्रदीप अग्रवाल, विमल सुरजगढ़ीया, मुकेश अग्रवाल, चंद्रप्रकाश शर्मा, मनीष महावीर अत्री, पवन वशिष्ठ, अमित-पवन शर्मा, राम प्रताप सिंह और एडवोकेट पंकज शर्मा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रेम पसरीचा, एच.के. बात्रा, प्रदीप पाडिया, साकेत अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, सुशीला वत्स, राकेश माहेश्वरी, नरेश माहेश्वरी, आर.पी. सिंह, अजय नाहटा, जे.पी. गुप्ता, कैलाश शर्मा, एम.पी. रुंगटा, अनुज शर्मा, श्रवण सिंह रिणवा, वीर भान शर्मा, सुनील त्यागी, हरिकिशन सोमानी, मनोज सोमानी और प्रदीप शर्मा सहित समाज के अनेक प्रबुद्ध जनों का विशेष सहयोग रहा।
