
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इनर व्हील क्लब्स डिस्ट्रिक्ट 301 एवं फाउंडेशन अगेंस्ट थैलेसीमिया, फरीदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में रविवार 8 मार्च को प्रातः 9 बजे थैलेसीमिया जागरूकता कार रैली का भव्य आयोजन किया गया। रैली की शुरुआत जिमखाना क्लब, सेक्टर-21 फरीदाबाद से हुई, जिसे फरीदाबाद की मेयर श्रीमती प्रवीण जोशी बतरा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई जिमखाना क्लब, सेक्टर-15 फरीदाबाद पहुंचकर सम्पन्न हुई।
रैली के समापन अवसर पर श्री आलोक मित्तल, आई.पी.एस., महानिदेशक जेल हरियाणा एवं डीजीपी-प्रबंध निदेशक, हरियाणा पुलिस आवास निगम विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस कार रैली में दिल्ली-एनसीआर से बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली का मुख्य उद्देश्य समाज में थैलेसीमिया के प्रति जागरूकता फैलाना था, ताकि समय रहते जांच और जागरूकता के माध्यम से इस गंभीर अनुवांशिक बीमारी को बढ़ने से रोका जा सके।
इस अवसर पर मेयर श्रीमती प्रवीण जोशी बतरा ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज में जागरूकता ही थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारी को रोकने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए इनर व्हील क्लब डिस्ट्रिक्ट 301 एवं फाउंडेशन अगेंस्ट थैलेसीमिया को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इनर व्हील डिस्ट्रिक्ट 301 की डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन दीपिका बाली एवं थैलेसीमिया कमेटी की चेयरपर्सन अनीता जैन ने कहा कि उनका लक्ष्य थैलेसीमिया मुक्त भारत का निर्माण करना है और इसके लिए वे भविष्य में भी लगातार जागरूकता अभियान चलाती रहेंगी।
श्री आलोक मित्तल, जो वर्ष 2007 से संस्था से जुड़े हुए हैं, ने उपस्थित जनसमूह को थैलेसीमिया के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि यदि विवाह से पहले थैलेसीमिया की जांच करवाई जाए तो इस बीमारी से पीड़ित बच्चों के जन्म को रोका जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान खुशी एवं डेज़ी ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वहीं पार्थ कालरा एवं कृतिका ने फाउंडेशन अगेंस्ट थैलेसीमिया द्वारा किए जा रहे विभिन्न सामाजिक कार्यों और गतिविधियों की जानकारी साझा की।
इस अवसर पर थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को दवाइयां एवं पानी के फिल्टर वितरित किए गए। साथ ही एक बच्ची मुस्कान के बोन मैरो ट्रांसप्लांट के लिए इनर व्हील डिस्ट्रिक्ट 301 द्वारा एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। समाजसेवी सुनील किनरा के सहयोग से एक थैलेसीमिया पीड़ित बच्चे को लैपटॉप भी भेंट किया गया।
कार्यक्रम में इनर व्हील डिस्ट्रिक्ट 301 की डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन दीपिका बाली, अनीता जैन (चेयरपर्सन, थैलेसीमिया कमेटी), पूर्व डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन गीता गोयल, वाइस चेयरमैन दीपा गोयल, निधी मित्तल, अरुणा सहल, संगीता सिंह, संदीपिका वशिष्ठ, रश्मि जैन, अमर प्रेम, राकेश भाटिया, ए. के. पंडित, विनोद मिगलानी, बी. दास बतरा तथा फाउंडेशन अगेंस्ट थैलेसीमिया के महासचिव रविंद्र डुडेजा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामय उपस्थिति रही।
