
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / सैक्टर- 21/बी स्थित जीवा पब्लिक स्कूल में कक्षा आठवीं के छात्रों और उनके अभिभावकों के लिए विषय चयन(steam selection) पर एक ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। फरीदाबाद के प्रतिष्ठित विद्यालयों में गिने जाने वाला यह विद्यालय ICSE बोर्ड से संबद्ध है, जहाँ विद्यार्थियों को कक्षा नौवीं से ही अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप कॉमर्स या साइंस स्ट्रीम चुनने का सुअवसर प्रदान किया जाता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ अत्यंत गरिमामय वातावरण में किया गया। इस दौरान अध्यक्ष श्री ऋषिपाल चौहान, उपाध्यक्षा श्रीमती चंद्रलता चौहान, एकेडमिक हेड श्रीमती मुक्ता सचदेव, एजूकेशन एंड एचआर डायरेक्टर सुश्री मीनाक्षी सिंह, प्रधानाचार्या श्रीमती नरजीत कौर, सीनियर कोर्डिनेटर सुश्री लीपिका कौशिक उपस्थित रहीं। आयोजन का मुख्य उद्देश्य छात्रों को उनकी रुचि, क्षमता और स्वाभाविक प्रवृत्तियों के अनुरूप भविष्य की विषय-धारा (स्ट्रीम) चुनने के लिए उचित मार्गदर्शन और प्रेरणा प्रदान करना था। विद्यालय का यह प्रयास रहा कि विद्यार्थी सोच-समझकर और आत्मविश्वास के साथ सही निर्णय लें, जिससे वे आगामी शैक्षणिक वर्ष में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपने उज्ज्वल भविष्य की सुदृढ़ नींव रख सकें।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रतिभा, रुचि और क्षमता को समझते हुए उन्हें उनकी योग्यता के अनुरूप सही मार्गदर्शन देने पर बल दिया गया, जिससे वे आत्मविश्वास के साथ उपयुक्त दिशा चुन सकें और शैक्षणिक उत्कृष्टता प्राप्त कर सकें।
इस दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को विषय चयन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी और उनकी शंकाओं का समाधान किया। साथ ही यह सलाह दी कि विषय का चयन करते समय विद्यार्थी की रुचि, योग्यता और क्षमता को प्राथमिकता दी जाए, ताकि वे अपने भविष्य के लिए सही दिशा चुन सकें।
इस अवसर पर कॉमर्स विभाग की प्रमुख सुश्री रश्मि भाटिया तथा विज्ञान विभाग की प्रमुख सुश्री मंजू रानी ने ICSE पाठ्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी दी और अपनी-अपनी विषय धाराओं से जुड़े विभिन्न करियर अवसरों पर भी प्रकाश डाला।
अभिभावकों को संबोधित करते हुए प्राचार्या डॉ. नरजीत कौर ने कहा कि आज का दिन हमारे विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, क्योंकि वे मिडिल स्कूल से हाई स्कूल की ओर अग्रसर हो रहे हैं। इस चरण पर विद्यार्थी अपनी रुचियों और भविष्य की आकांक्षाओं को समझने लगते हैं, इसलिए मैं उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपनी विषय-धारा चुनने के लिए प्रोत्साहित करती हूँ, क्योंकि हर बच्चे में अपनी अलग पहचान के साथ सफल होने की क्षमता होती है। साथ ही, मैं अभिभावकों से अनुरोध करती हूँ कि वे अपने बच्चों की रुचियों को समझें और संवाद व सही मार्गदर्शन के माध्यम से उन्हें वह राह चुनने में सहयोग दें जो उनके लिए संतोषपूर्ण और सार्थक हो।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष श्री ऋषिपाल चौहान ने कहा कि आज हम यहाँ अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए एकत्रित हुए हैं। किसी भी निर्णय के पीछे एक उद्देश्य होता है, इसलिए हमें सोच-समझकर ही सही मार्ग का चयन करना चाहिए।
हर बच्चे की अपनी अलग प्रकृति, स्वभाव और प्रतिभा होती है। इसलिए विषय-धारा(स्ट्रीम) का चयन भी उसकी रुचि और क्षमता के अनुरूप होना चाहिए। जब बच्चे की पढ़ाई उसकी स्वाभाविक प्रवृत्तियों से मेल खाती है, तब वह न केवल सफलता प्राप्त करता है, बल्कि संतोष और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ता है।
कार्यक्रम में विद्यालय की उपाध्यक्षा श्रीमती चंद्रलता चौहान तथा एकेडमिक हेड श्रीमती मुक्ता सचदेव की गरिमामयी उपस्थिति भी रही। उन्होंने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल और सफल भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएँ दीं
विद्यालय की सीनियर कोऑर्डिनेटर श्रीमती लिपिका कौशिक ने धन्यवाद करते हुए विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं सहयोगी स्टाफ के प्रति उनके निरंतर समर्पण, सहयोग और विद्यालय के विकास में दिए जा रहे महत्वपूर्ण योगदान के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया।
