
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / फरीदाबाद इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के पूर्व प्रधान व सी. दास ग्रुप के चेयरमैन बीआर. भाटिया ने मंगलवार को एनआईटी-2 स्थित भाटिया सेवक समाज आरोग्य केंद्र में अपनी आंखों का सफल लेजर ट्रीटमेंट करवाया। नियमित स्वास्थ्य जांच के तहत वे आरोग्य केंद्र पहुंचे, जहां गुरुग्राम से आने वाले विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. नीरज भाटिया ने उनकी आंखों की जांच की।
जांच के दौरान डॉ. नीरज भाटिया ने बताया कि उनकी दोनों आंखों के पर्दे (रेटिना) में हल्के-हल्के फटने के संकेत हैं। डॉक्टर ने बताया कि समय रहते इसका उपचार जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी गंभीर समस्या से बचा जा सके। उन्होंने बी.आर. भाटिया को लेजर ट्रीटमेंट करवाने की सलाह दी। डॉक्टर की सलाह को गंभीरता से लेते हुए बीआर. भाटिया ने उसी समय आरोग्य केंद्र में लेजर उपचार करवाने का निर्णय लिया। विशेषज्ञ टीम की निगरानी में उनका लेजर ट्रीटमेंट सफलतापूर्वक किया गया। पूरी प्रक्रिया में लगभग 10 मिनट का समय लगा और उपचार पूरी तरह सुरक्षित व प्रभावी रहा।
उपचार के बाद बी.आर. भाटिया ने बताया कि लेजर ट्रीटमेंट बेहद सरल और दर्द रहित प्रक्रिया रही। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा महसूस नहीं हुई और उपचार के तुरंत बाद वे अपने कार्यालय पहुंचकर सामान्य रूप से कार्य भी कर रहे हैं। भाटिया सेवक समाज आरोग्य केंद्र में आंखों की निशुल्क जांच व उपचार किया जाता है। बीआर भाटिया ने आरोग्य केंद्र की चिकित्सा सुविधाओं और विशेषज्ञ सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि समय-समय पर आंखों जांच कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि आंखों से संबंधित किसी भी समस्या को नजर अंदाज न करें और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत विशेषज्ञ से परामर्श लें।
