
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जयंत आहूजा ने बताया कि जिला फरीदाबाद (शहरी) क्षेत्र में नागरिकों को सुलभ, सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से कुल 1 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (UPHC) संचालित किए जा रहे हैं। आमजन अपने निवास स्थान के निकट स्थित यूपीएचसी पर जाकर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का निःशुल्क लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के सभी शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (UPHC) एवं यूएएएम केंद्रों का सेवा समय नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्धारित किया गया है। सभी केंद्र सोमवार से शुक्रवार प्रातः 10:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक संचालित रहते हैं, जबकि शनिवार को प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाती हैं। साथ ही प्रत्येक मंगलवार एवं गुरुवारः एएनसी (गर्भवती महिलाओं की जांच, प्रत्येक सोमवारः विशेषज्ञ सेवाएं (Specialist Service) / बुजुर्गों (वरिष्ठ नागरिकों) के लिए विशेष क्लिनिक और प्रत्येक शुक्रवार को एनसीडी से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
उन्होंने कहा कि सभी शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (UPHC) एवं यूएएएम केंद्रों पर आवश्यक स्वास्थ्य जांच सुविधाएं पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन केंद्रों पर बीपी, हीमोग्लोबिन, ओजीटीटी, ऊंचाई, वजन सहित अन्य आवश्यक जांचें नियमित रूप से की जाती हैं। मरीजों को सभी आवश्यक दवाइयां भी निःशुल्क प्रदान की जाती हैं, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के नागरिकों को उपचार में किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अतिरिक्त गर्भवती महिलाओं एवं जच्चा-बच्चा को प्रसव के पश्चात 45 दिन तक निःशुल्क एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध कराई जाती है, जिससे उन्हें समय पर सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
इसी कड़ी में टीकाकरण अधिकारी डॉ रचना ने बताया कि प्रत्येक बुधवार एवं शनिवार को सभी शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर नियमित रूप से टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाते हैं, ताकि बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का समयबद्ध टीकाकरण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने जानकारी दी कि पीएमएसएमए (PMSMA) दिवस प्रत्येक माह की 9, 10, 23 तारीख तथा माह के अंतिम कार्यदिवस को आयोजित किया जाता है, जिसके अंतर्गत गर्भवती महिलाओं की विशेष जांच एवं परामर्श सेवाएं प्रदान की जाती हैं। इसके अतिरिक्त विभिन्न यूपीएचसी केंद्रों पर विशेषज्ञ सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिनमें दंत चिकित्सा, बालरोग एवं स्त्रीरोग विशेषज्ञों की सेवाएं शामिल हैं।
यूपीएचसी सुभाष कॉलोनी तथा यूपीएचसी डबुआ कॉलोनी में बालरोग एवं स्त्रीरोग विशेषज्ञ उपलब्ध हैं। यूपीएचसी इस्माइलपुर में बालरोग विशेषज्ञ की सेवाएं प्रदान की जा रही हैं, जबकि यूपीएचसी भारत कॉलोनी में भी बालरोग एवं स्त्रीरोग विशेषज्ञ की सुविधा उपलब्ध है।
फरीदाबाद (Urban) में संचालित यूपीएचसी की सूची :—-
यूपीएचसी ए.सी. नगर, आदर्श नगर, ऐतमादपुर, भारत कॉलोनी, भीम बस्ती, डबुआ कॉलोनी, हरि विहार, इस्माइलपुर, नांगला एन्क्लेव, प्रतापगढ़, राजीव कॉलोनी, सुभाष कॉलोनी, शिव दुर्गा विहार, सारन में शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (UPHC) संचालित किए जा रहे हैं।
फरीदाबाद (Urban) में संचालित UAAM की सूची: —-
युएएएम सेक्टर-64, बसेलवा, भूर कॉलोनी, दिलीप कॉलोनी, जीवन नगर, इन्दिरा नगर, पर्वतीय कॉलोनी (चाचा चौक के पास), पर्वतीय कॉलोनी (सोहना रोड के पास), नगला पार्ट-2, जवाहर कॉलोनी, उडिया कॉलोनी, आईएमटी सेक्टर-70, धीरज नगर में संचालित हैं।
यूपीएचसी/युएएएम पर उपलब्ध निःशुल्क सेवाएं:—-
उन्होंने बताया कि इन केंद्रों पर गर्भावस्था एवं प्रसव देखभाल के अंतर्गत एएनसी जांच तथा सुरक्षित प्रसव से संबंधित सेवाएं प्रदान की जाती हैं। नवजात एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में नवजात शिशुओं की देखभाल एवं नियमित टीकाकरण शामिल है। बाल एवं किशोर स्वास्थ्य सेवाओं के तहत बच्चों के विकास की निगरानी एवं स्वास्थ्य जांच की जाती है। इसके अतिरिक्त परिवार नियोजन एवं प्रजनन स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत परामर्श एवं गर्भनिरोधक साधन उपलब्ध कराए जाते हैं। संक्रामक रोगों जैसे टीबी, मलेरिया एवं डेंगू आदि का प्रबंधन एवं उपचार भी किया जाता है। सामान्य ओपीडी सेवाओं के माध्यम से आम बीमारियों का उपचार किया जाता है। गैर-संक्रामक रोगों (NCD) जैसे मधुमेह, उच्च रक्तचाप एवं कैंसर की स्क्रीनिंग एवं उपचार की सुविधा भी उपलब्ध है। मौखिक (दंत) स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत दांतों की जांच एवं सामान्य उपचार, नेत्र एवं ईएनटी (कान-नाक-गला) सेवाओं के अंतर्गत दृष्टि जांच एवं सामान्य समस्याओं का उपचार किया जाता है। वृद्धजनों के लिए उपशामक (पैलेटिव) देखभाल सेवाएं उपलब्ध हैं। आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत प्राथमिक आपात उपचार, चोट एवं जलन का उपचार किया जाता है। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के तहत मानसिक रोगों की जांच, परामर्श एवं प्राथमिक उपचार की सुविधा भी प्रदान की जाती है।
उन्होंने बताया कि सभी यूपीएचसी पर नागरिकों को उपरोक्त सभी स्वास्थ्य सेवाएं पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे अपने नजदीकी यूपीएचसी पर जाकर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
