
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / फरीदाबाद, नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड, हरियाणा राज्य शाखा में पिछले कुछ समय से भ्रष्टाचार व्याप्त है, लेखा जोखा में गड़बड़ी है, दृष्टिहीन लोगों को सदस्यता देने में 4 वर्षों से अधिक समय से शिथिलता है, प्रशिक्षण भी पूरी तरह कमजोर है, और भी कई बिंदु हैं, उन सब के विरोध में 28 फरवरी से नेब के द्वार पर अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा ।
नेब द्वार पर धरना देने से पूर्व नेब की अध्यक्ष श्रीमती सुषमा गुप्ता के निवास से पैदल चल कर नेब के महासचिव श्री हेम सिंह यादव के निवास से होते हुए नेब के द्वार पर धरने पर बैठेंगे और प्रशासन और जनता का ध्यान आकर्षित करेंगे । धरना प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य है कि, भ्रष्ट पदाधिकारियों को नेब से निष्कासित किया जाए, नेब की प्रशिक्षण प्रणाली में सुधार हो, जिन ब्लाइंड महिलाओं को कास्टिक सोडा खिलाया गया उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए और जो 2021 से लंबित सदस्यता अर्जी कर्ताओं को तुरन्त सदस्यता दी जाए और पुराने और नए सदस्यों की सही सूची समिति कार्यालय में दाखिल की जाए, और 2024 में जो गैर कानूनी तरीके से चुनाव हुए, उन्हें नियमित कराए जाए ।
आंदोलन समिति के संयोजक हरिंदर मलिक ने कहा कि पिछले तीन वर्षों से अधिक समय से नेब को कई बार पत्र लिखे, ई मेल भेजी पर किसी तरह की सकारात्मक कार्यवाही नहीं हुई इसलिए मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाया गया है । उन्होंने बताया कि आंदोलन के लिए पुलिस विभाग से अनुमति प्राप्त हो गई है ।
