
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / जे.सी.बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए के संचार एवं प्रौद्योगिकी विभाग की झोली में एक और बड़ी उपलब्धि आई है। विभाग के बीएससी. विजुअल कम्युनिकेशन एंड मल्टीमीडिया द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा भूमिका सिंह ने एएफसीसीआई कैस्केड द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर की ‘डिजिटल आर्ट प्रतियोगिता’ में चौथा स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि के लिए भूमिका को ₹5,000 का नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
भूमिका सिंह को यह पुरस्कार नई दिल्ली के प्रतिष्ठित होटल ‘ली-मेरिडियन’ में आयोजित ‘एंटी-स्मगलिंग डे’ के विशेष कार्यक्रम के दौरान प्रदान किया गया। इस कार्यक्रम में देश के कई गणमान्य व्यक्तियों और उद्योग जगत के दिग्गजों ने शिरकत की, जहां भूमिका की कलात्मक प्रतिभा और तस्करी विरोधी संदेश को डिजिटल माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की सराहना की गई। इस सफलता में सहायक प्रोफेसर अजय यादव का मार्गदर्शन सराहनीय रहा।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो.अजय रंगा ने भूमिका की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर के मंचों पर पुरस्कृत होना इस बात का प्रमाण है कि विश्वविद्यालय में कौशल आधारित शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। भूमिका की यह जीत अन्य छात्रों को भी अपनी रचनात्मक सीमाओं को विस्तार देने के लिए प्रेरित करेगी।
मीडिया विभागाध्यक्ष प्रो. पवन सिंह ने छात्रा को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अपने बधाई संदेश में कहा कि संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग हमेशा से विद्यार्थियों को तकनीक और सृजनशीलता के संगम के लिए प्रोत्साहित करता रहा है। डिजिटल आर्ट आज के समय का एक सशक्त माध्यम है और भूमिका ने अपनी कला के जरिए जिस तरह से सामाजिक विषयों को छुआ है, वह काबिल-ए-तारीफ है। यह विभाग के लिए एक अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण है। विभाग के शिक्षकों और सहपाठियों ने भी भूमिका की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की है।
