
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / डीएवी शताब्दी महाविद्यालय के व्यवसाय प्रशासन विभाग से संबंधित सांस्कृतिक क्लब द्वारा एक अभिनव गतिविधि-आधारित शिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया | इस गतिविधि का उद्देश्य मनोरंजक खेलों और ब्रांड प्रमोशन तकनीकों के माध्यम से व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना रहा। इस कार्यक्रम का आयोजन सैम्पली डॉट कॉम के हिमांशु एवं उनकी टीम तथा एक्स्ट्रा म्यूरल एक्टिविटी सेल के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम के दौरान रस्साकशी, वन आई चैलेंज, पास द पार्सल, रॉक एंड रोल तथा बैलेंसिंग द पेन जैसी अनेक मनोरंजक गतिविधियाँ आयोजित की गईं।इंटरैक्टिव खेलों और रोचक गतिविधियों के माध्यम से शिक्षण को अधिक प्रभावी, गतिशील और अनुभवात्मक बनाने का प्रयास किया गया। इस पहल के द्वारा विद्यार्थियों में रचनात्मकता, संप्रेषण कौशल, टीम वर्क और रणनीतिक सोच जैसे आवश्यक गुणों का विकास हुआ। प्रत्यक्ष भागीदारी के माध्यम से विद्यार्थियों ने ब्रांड प्रमोशन की तकनीकों और आधुनिक विपणन दृष्टिकोण को बेहतर ढंग से समझा। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को वास्तविक समय की मार्केटिंग रणनीतियों और प्रचार-प्रसार की आधुनिक विधियों से परिचित कराने के लिए आयोजित किया गया।
कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में 50 से अधिक प्राध्यापकों और 250 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया | विभागाध्यक्ष ओमिता जौहर के पर्यवेक्षण में संपन्न इस कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. निशा सिंह एवं आरती रहीं | आयोजन सचिव के रूप में तनुजा गर्ग, ट्विंकल तथा आयोजन टीम के छात्र-छात्राएँ शामिल रहे।
