
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / अग्रवाल कॉलेज, बल्लभगढ़ के रिटेल मैनेजमेंट विभाग द्वारा ,”ई-कॉमर्स का
भविष्य और ओम्नी-चैनल रिटेल”विषय पर एक विशेष अतिथि व्याख्यान (Guest Lecture) का सफल
आयोजन किया गया । इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को रिटेल जगत के आधुनिक रुझानों
और भविष्य की तकनीकी प्रगति से रूबरू कराना था।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ डॉ. पूनम रौतेला (विभागाध्यक्ष, रिटेल विभाग)तथा सपना करैया तंवर
(असिस्टेंट प्रोफेसर, इकोनॉमिक्स विभाग) द्वारा किया गया। डॉ. पूनम रौतेला ने मुख्य वक्ता का
औपचारिक स्वागत किया और छात्रों को सार्थक करियर पथ की ओर मार्गदर्शन करने के महत्व पर प्रकाश
डाला। उन्होंने अपने संबोधन में इस बात पर जोर दिया कि शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ उद्योग की
वर्तमान स्थिति कोसमझना छात्रों के भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।
कॉलेज की प्रबन्धक समिति के चेयरमैन श्री देवेन्द्र गुप्ता और सचिव श्री दिनेश गुप्ता के मार्गदर्शन
से इस प्रकार के व्याख्यान का आयोजन समय – समय पर कराया जाता है ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण
विकास हो सके और वे उद्योग की मांगों के अनुरूप तैयार हो सकें । यह पूरा आयोजन कॉलेज के प्राचार्य
डॉ. संजीव कुमार गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
सत्र की मुख्य वक्ता डॉ. रितु मुद्गल (स्किल असिस्टेंट प्रोफेसर, श्री विश्वकर्मा स्किल यूनिवर्सिटी,
दुधोला, पलवल) रहीं। उन्होंने अपने व्याख्यान में ई-कॉमर्स के बदलते परिदृश्य और ओम्नी-चैनल
रणनीतियों के बढ़ते प्रभाव पर विस्तार से चर्चा की।उन्होंने समझाया कि आज के युग में ग्राहकों का
अनुभव सर्वोपरि है और भविष्य में इन दोनों माध्यमों का एकीकरण ही सफलता की कुंजी है । डॉ. मुद्गल
ने विशेष रूप से Artificial Intelligence (AI) , बिग डेटा एनालिटिक्स और क्विक कॉमर्स की भूमिका
को रेखांकित किया । उन्होंने बताया कि कैसे ओम्नी-चैनल रणनीति के माध्यम से कंपनियां वेबसाइट,
मोबाइल ऐप और फिजिकल स्टोर के बीच एक सहज तालमेल बिठाती हैं ।
सत्र के अंत में एक संवादात्मक प्रश्न-उत्तर सत्र का आयोजन किया गया , जिसमें रिटेल विभाग के छात्रों ने
बड़े उत्साह के साथ भाग लिया । छात्रों ने डिजिटल युग में रोजगार की नई संभावनाओं , ई- कॉमर्स
लॉजिस्टिक्स और डेटा सुरक्षा से जुड़े प्रश्नों पर डॉ. मुद्गल से चर्चा की । यह व्याख्यान छात्रों के लिए न
केवल सूचनात्मक था , बल्कि इसने उन्हें भविष्य की व्यावसायिक चुनौतियों के लिए एक नया दृष्टिकोण
प्रदान किया ।
