
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / अग्रवाल महाविद्यालय में इतिहास विभाग के तत्वावधान में
इंटैक यंग हैरिटेज क्लब द्वारा इंडक्शन व ऑन द स्पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता का पुरस्कार
वितरण समारोह का आयोजन किया गया ।
अग्रवाल कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री देवेंद्र कुमार गुप्ता और महासचिव एडवोकेट
श्री दिनेश कुमार गुप्ता की सद्प्रेरणा से कॉलेज में प्रतिवर्ष यह प्रतियोगिता
आयोजित की जाती है जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध
उद्योगपति व समाजसेवी श्री आनंद मेहता, संयोजक इंटैक फरीदाबाद चैप्टर व प्रधान
दयानन्द शिक्षण संस्था पधारे । विशिष्ट अतिथि के रूप में सह- संयोजक श्री शरद भसीन,
रिटायर्ड प्रो. जे. सी. आर्य उपस्थित रहे । कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ०
संजीव कुमार गुप्ता ने की ।
इस कार्यक्रम में बीए के 50 नये छात्र-छात्राओं को इंटैक यंग हैरिटेज क्लब में शामिल
करते हुए मुख्य अतिथि महोदय ने उन्हें बैज व क्लब पासपोर्ट प्रदान किये । साथ ही,
अन्तः महाविद्यालय स्तर की भारत के विभिन्न ऐतिहासिक धरोहरों पर आधारित
चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया व इंटैक में जुड़े
नए छात्रों को इंटैक यंग हैरिटेज क्लब की शपथ दिलाई गयी । इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ.
जयपाल सिंह ने बताया कि अग्रवाल महाविद्यालय विगत पंद्रह वर्षों से निरंतर
प्रतियोगिताएं व शैक्षणिक भ्रमण द्वारा युवा पीढ़ी को भारत की ऐतिहासिक विरासतों,
इमारतों व संस्कृति का ज्ञान कराता रहता है।
मुख्य अतिथि श्री आनंद मेहता जी ने कहा कि अग्रवाल महाविद्यालय इंटैक यंग
हैरिटेज क्लब के निर्माण से ही निरतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है जिसके लिए वे
बधाई के पात्र हैं । प्राचार्य महोदय जी ने कहा कि ऐतिहासिक अभिलेख व धरोहर हमारे
अतीत की गौरव गाथाएं हैं और इनका संरक्षण हमारा परम कर्तव्य है ।
असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सुप्रिया ढांडा ने मंच संचालन किया और अंत में सभी का
धन्यवाद ज्ञापित किया । चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम श्रीमन प्रजापति, द्वितीय भारती
शर्मा, तृतीय शालू और सांत्वना पुरस्कार रचना, छबीली, सान्या कुमारी और चंद्रप्रकाश ने
प्राप्त किया।
