
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / नगर निगम फरीदाबाद द्वारा प्रॉपर्टी टैक्स बकाया धारकों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने जानकारी देते हुए बताया कि 31 मार्च वित्त वर्ष की अंतिम तिथि है, इसलिए सभी बकाया धारकों को निर्देश दिए जाते हैं कि वे निर्धारित समय से पहले अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराएं।
निगम आयुक्त ने बताया कि टैक्स वसूली प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी व सुगम बनाने के लिए नगर निगम द्वारा शीघ्र ही एक कॉल सेंटर स्थापित किया जाएगा। इस कॉल सेंटर के माध्यम से नागरिक अपनी प्रॉपर्टी आईडी से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे तथा टैक्स से जुड़ी समस्याओं का समाधान करा सकेंगे।
इसके अतिरिक्त, निगम द्वारा सभी जोनों में प्रॉपर्टी टैक्स कलेक्शन के लिए विशेष कैंप भी लगाए जाएंगे। इन कैंपों की तिथियों की जानकारी शीघ्र ही सार्वजनिक की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक नागरिक समय पर अपना टैक्स जमा कर सकें।
निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने स्पष्ट किया कि सीलिंग की कार्रवाई भी निरंतर जारी रहेगी। बड़े स्तर पर प्रॉपर्टी टैक्स न जमा करने वाले बकाया धारकों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे। यह कार्रवाई सरकारी कार्यालयों तथा निजी संपत्तियों पर समान रूप से लागू होगी।
नगर निगम ने सभी करदाताओं से अपील की है कि वे वित्त वर्ष समाप्त होने से पूर्व अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा कर निगम का सहयोग करें और किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई से बचें।
