
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / गांव बुढ़ैना में एक सामुदायिक भवन के भव्य निर्माण कार्यक्रम का उद्घाटन संपन्न हुआ। यह जिले का सबसे बड़ा और आधुनिक बारात घर होगा। इस अवसर पर मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि यह सामुदायिक भवन केवल एक संरचना नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों की एकता, सामाजिक समरसता और जनसेवा के संकल्प का प्रतीक है। आने वाले समय में यह भवन सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक आयोजनों का केंद्र बनेगा और नई पीढ़ियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा।
इस अवसर पर मंत्री राजेश नागर ने ग्रेटर फरीदाबाद के विकास के लिए 650 करोड़ रूपए की योजनाएं मंजूर करने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताया। नागर ने कहा कि करीब 350 करोड़ रुपए की लागत से हमारे क्षेत्र के सीवर लाइन का विकास कार्य होगा। इसके साथ नगर निगम में शामिल किए गांवों में सड़कों, खड़ंजे और नाली के साथ पानी की लाइनों को डालने का काम भी होगा।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का विभाग हमारे भाई मंत्री विपुल गोयल के पास होने का भी हमें लाभ मिलेगा और हमारे सब काम जल्दी-जल्दी होंगे। इसके अलावा नीमका में एक केंद्रीय विद्यालय को मंजूरी दिलाने के लिए भी उन्होंने सरकार एवं कैबिनेट का आभार जताया। मंत्री राजेश नागर ने कहा कि तिगांव विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपए की लागत से विकास कार्य जारी हैं। जिसमें सेक्टर 77 में एक बड़ा बिजली घर लगभग तैयार है जिसे हम जल्द ही जनता को समर्पित करने जा रहे हैं । इसके अलावा एक और बड़ा बिजली घर अम्मा अस्पताल के पास बनाने का काम जल्द शुरू होगा। उन्होंने कहा कि ग्रेटर फरीदाबाद में तीन बड़े चौराहों के सौंदर्यकरण का काम पूरा होने पर क्षेत्र बहुत सुंदर नजर आएगा।
इस अवसर पर फरीदाबाद मेयर प्रवीण जोशी, वार्ड पार्षद सचिन शर्मा सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
