
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / समय-समय पर कार्यकर्ता निर्माण के कार्यक्रम चलाने वाली भारतीय जनता पार्टी ने इस वर्ष महा प्रशिक्षण अभियान 2026 चलाने का निर्णय लिया है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम से प्रशिक्षण कार्यक्रम विभिन्न स्तरों पर साल भर चलाए जाएंगे। फरीदाबाद के सूरजकुंड में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली की अध्यक्षता में तीन सत्रीय प्रदेश स्तरीय पहली कार्यशाला रखी गई, जिसमें राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली सहित अनेक वक्ताओं ने आगामी दिनों में होने वाले मंडल, जिला व प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों की रूपरेखा उपस्थित प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और प्रशिक्षण टोली के पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श करके रूपरेखा तैयार की।
प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने जहां व्यवस्था की मजबूती के लिए प्रशिक्षण को जरूरी बताया तो राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने चरणबद्ध तरीके से चलने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों की रूपरेखा टीपीटी के माध्यम से उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों के सामने रखी और विपक्ष के झूठे नैरेटिव को ध्वस्त करने के लिए भी कार्यकर्ताओं को कहा। अंतिम सत्र में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को मजबूती से स्थापित करने के लिए प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं की जरूरत पर जोर दिया। संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने भी आगामी दिनों में होने वाले प्रशिक्षण के बेहतर प्रबंधन के लिए कहा।
अंतिम सत्र में कार्यशाला को संबोधित करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जनता में कोई संकट आता है तो संकट के समय भाजपा का कार्यकर्ता लोगों के साथ खड़ा दिखाई देता है। जनता की सेवा ही संगठन की सेवा है और यही भाजपा की पहचान है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान की गई सेवा संगठन की सेवा है। इस संकट के दौरान अगर कोई दिखाई दे रहा था तो भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता ही दिखाई दे रहा था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का स्पष्ट मानना था कि व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र का गौरवशाली निर्माण संभव है। इसी विचार को आधार बनाकर आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान का शुभारंभ हुआ है। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण का ध्येय सशक्त कार्यकर्ता और सशक्त संगठन है। हमारा कार्यकर्ता मजबूत और सशक्त होगा तो संगठन और अधिक मजबूत होगा। श्री सैनी ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की रीढ होता है और अंतिम पायदान तक पहुंचता है। बूथ मजबूती पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि बूथ मजबूत है तो पार्टी भी मजबूत है और पार्टी मजबूत है तो भारत मजबूत है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि उपाध्याय जी से हमे विचार मिला और उसी विचार के तहत हमारा कार्यकर्ता विभिन्न परिस्थितियों में मजबूती से खड़ा रहता है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से हमें बहुत कुछ सीखने को मिलता है जिसका लाभ संगठन को और अधिक मजबूत करता है।
नायब सैनी ने कहा कि समाज की चुनौतियों के प्रति विचार विमर्श करना चाहिए, जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण केवल राजनीति पैतरें नहीं सिखाएगा, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशीलता और दायित्व बोध को भी जागृत करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा जब प्रशिक्षण के कार्यक्रम आयोजित करती है तब एक-एक विषय पर एक-एक वक्ता खड़ा रहता है। प्रशिक्षण के अंदर विचार की स्पष्टता होती है ताकि विचार को कैसे आगे बढ़ाना है। संगठन के प्रति हमारी निष्ठ होती है यहां बहुत कुछ सीखने को मिलता है।
पंच परिवर्तन पर बोलते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी भाव और नागरिक कर्तव्यों का पालन ये पांच परिवर्तन हमारे जीवन और समाज में आमूलचूल परिवर्तन लाने वाले हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन के लिए प्रशिक्षण उसकी प्राण वायु होता है। ऐसे कार्यक्रम पार्टी आयोजित करती है तो उसमें हमें सीखने को मिलता है। एक कार्यकर्ता के लिए वैचारिक रूप से स्पष्ट होना जरूरी है।
नायब सैनी ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान हमें यह सीखने और जानने का मौका मिलता है कि विपक्ष किस प्रकार के नेरेटिव खड़ा करता है। प्रशिक्षण में हमें विपक्ष के भ्रामक प्रचार के अंतर को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि विपक्ष हमारे अच्छे काम का भी दुष्प्रचार करता है और उस पर नेरेटिव खड़ा करता है। विपक्ष के खड़े किए नेरेटिव को तोड़ने का काम हमारा कार्यकर्ता करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सक्षम कार्यकर्ता ही पार्टी की आधारशिला है और इससे सशक्त संगठन का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि यही सशक्त संगठन भारत को विश्व गुरू बनाने के संकल्प को सिद्ध करेगा। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि यह प्रशिक्षण सभी कार्यकर्ताओं के लिए कौशल और व्यक्तित्व को निखारने का अवसर होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार में देश के अंदर सकारात्मक बदलाव आए हैं जिससे लोगों का जीवन बदला है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरूआत की ताकि पर्यावरण की रक्षा हो। उन्होंने कहा कि जब हम पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुनते हैं और लोग को भी कार्यक्रम से जोड़ते हैं तो इससे समाज के अंदर सकारात्मक मैसेज जाता है। नायब सैनी ने कहा कि राजनीति सत्ता का साधन नहीं, बल्कि समाज सेवा का माध्यम है। लोगों के अंदर सेवा ही संगठन का संदेश जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने लाड़ो लक्ष्मी योजना का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने इस योजना के लिए 5 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया। दूसरे दलों में लोग बोलते हैं, लेकिन करते कुछ नहीं, जबकि भाजपा जो कहती है वह संकल्प के साथ धरातल पर उतारती भी है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने लाडो लक्ष्मी योजना देने का काम किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता क्षेत्रीय भ्रमण करें, लोगों के बीच जाएं और सरकार की योजनाओं पर चर्चा करें।
*प्रशिक्षण नेतृत्व निर्माण की प्रक्रिया : मोहन लाल बड़ौली*
इससे पहले कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम को नेतृत्व निर्माण की प्रक्रिया बताया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं में नेतृत्व क्षमता निखरती है। उन्होंने कहा कि यहां से प्रशिक्षित होकर सभी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी रूप से कार्य करें तथा संगठन को और अधिक मजबूती दें।
पूरे वर्ष चलने वाले इस अभियान को लेकर श्री बड़ौली ने कहा कि महा प्रशिक्षण की शुरूआत सबसे पहले मंडल स्तर से होगी। हरियाणा के सभी 377 मंडलों में 7 मार्च से 14 अप्रैल तक कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। श्री बड़ौली ने कहा कि इसके बाद महाप्रशिक्षण अभियान जिलों में होगा। जिला के बाद प्रदेश स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएंगे। उन्होंने कहा कि विभिन्न स्तरों पर साल भर यह प्रक्रिया चलती रहेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता हमारी ताकत है। पीएम मोदी ने भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो लक्ष्य रखा है उसे पूरा करना है। श्री बड़ौली ने कहा कि हरियाणा की नायब सरकार गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के लिए कल्याणकारी योजनाएं बना रही है जिसका सभी को लाभ मिल रहा है।
श्री बडौली ने कहा कि हमें तीन बातों पर ध्यान रखना है, सबसे पहले हमारा बूथ मजबूत हो। दूसरा हमारा लोगों से संवाद, व्यवहार, जनता से जुड़ाव होना चाहिए ताकि जनता की समस्याओं का समाधान करा सकें। तीसरा डिजिटल सशक्तिकरण है जिससे हम सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाते हैं।
श्री बड़ौली ने कहा कि व्यवस्था की मजबूती के लिए भाजपा के कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण जरूरी है। केवल किताबों का ज्ञान ही नहीं, विचार की स्पष्टता होनी चाहिए जो प्रशिक्षण के बाद आती है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में सहभागिता, संवाद, अनुभव आधारित प्रशिक्षण, आधुनिक उपयोग में आने वाले उपक्रमों का प्रशिक्षण भी जरूरी है। श्री बड़ौली ने कहा कि प्रशिक्षण से नेतृत्व क्षमता मजबूत होती है। हमारे कार्यकर्ताओं में प्रशिक्षण का असर हर स्तर पर दिखाई देता है। हमारे प्रशिक्षण कार्यक्रम राष्ट्र निर्माण की दिशा में ठोस कदम है।
कार्यशाला में प्रशिक्षण कार्यक्रम की प्रदेश संयोजक डा. अर्चना गुप्ता, भाजपा आईटी संयोजक आदित्य चावला, प्रशिक्षण टोली के मदन गोयल, जम्मू कश्मीर के विधायक देवेंद्र सिंह, प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के संयोजक शैलेंद्र पांडेय, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, सुरेंद्र आर्य आदि नेताओं ने भी अपने-अपने विषयों से संबंधित चर्चा की ताकि उन्हें मंडल और जिला स्तर पर होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों में बेहतर तरीके से रखा जा सके। आज की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में प्रदेश के पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और प्रशिक्षण टोली के चयनित पदाधिकारी मौजूद रहे।
