
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / केन्द्रीय ट्रेड यूनियनों और अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर आयोजित राष्ट्रीय हड़ताल का फरीदाबाद में व्यापक असर रहा। यह हड़ताल सभी कच्चे कर्मियों को पक्का करने, पुरानी पेंशन बहाली, निजीकरण पर रोक और लेबर कोड्स, बिजली संशोधन बिल व बीवी जी राम जी विधेयक को वापिस करने,खाली पदों को भरने, तीस हजार न्यूनतम वेतन और आंगनवाड़ी, आशा व मिड डे मील वर्करों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने आदि दर्जनों मांगों को लेकर आयोजित की गई थी।
हड़ताली कर्मचारी और मजदूर अपने अपने कार्यालयों पर प्रदर्शन करने के बाद हजारों की संख्या में बीके चौक पर एकत्रित हुए और वहां से अजरौंदा चौक मुथरा रोड़ तक जूलूस निकाला। इस दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की मजदूर व कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस जूलूस में अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री,सीटू की राष्ट्रीय सचिव कॉमरेड एक.आर.सिंधु, एचएमएस के राष्ट्रीय जिला प्रधान राजपाल डॉगी, सीटू के प्रधान निरंतर पाराशर, सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान करतार सिंह व सचिव बलबीर सिंह बालगुहेर,आईसीसीयू के प्रधान जवाहर सिंह, रिटायर्ड कर्मचारी संघ के उपाध्यक्ष यूएम खान व नवल सिंह आदि शामिल हुए और सरकार को चेतावनी दी कि अगर सफल हड़ताल के बावजूद मजदूर विरोधी फैसलों पर रोक नहीं लगाई और मांगों का समाधान नहीं किया जो मजदूर व किसान अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने पर मजबूर होंगे। एस्कार्ट, जेसीबी,भारत गेयर लिमिटेड, स्टार वायर,जीकेएन, हरियाणा टैक्स प्रिंट ओएमपी व एवरी इंडिया आदि अनेकों निजी कंपनियों के मजदूरों ने भी हड़ताल व प्रदर्शन में भाग लिया। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने हड़ताल की ऐतिहासिक सफलता का दावा किया। सीटू की राष्ट्रीय सचिव कॉमरेड ए.आर.सिंधु व राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा ने कहा कि देशभर के तीस करोड़ से ज्यादा मजदूरों व कर्मचारियों ने भाग लिया और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनविरोधी एवं मजदूर कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश प्रकट किया। कांग्रेस कमेटी के जिला प्रधान बलजीत कौशिक भी मजदूर सभा में पहुंचे और कर्मचारियों की मांगों का पुरजोर समर्थन किया।
*सरकारी विभागों में कामकाज रहा ठप्प*
अधिकांश सरकारी विभागों में बड़ी संख्या में कर्मचारियों के हड़ताल में शामिल होने के कारण कामकाज ठप्प रहा। नगर निगम की तीनों ज़ोन के कार्यालयों पर ताले लटके रहे। जिसके कारण सफाई, प्रोपर्टी टैक्स,जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र आदि पब्लिक सर्विस का कोई भी काम नही हुआ। बजट में मानदेय में वृद्धि न होने से नाराज़ आंगनवाड़ी, आशा व मिड डे मील की लगभग शत-प्रतिशत वर्कर हड़ताल पर रही। बैंक, बीमा ,पोस्टल, टेलीकॉम, आयकर आदि अनेक विभागों के केन्द्रीय भी हड़ताल पर रहे।
आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर बीके अस्पताल सहित सभी डिस्पेंसरी में भी कामकाज ठप्प रहा। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के हजारों की संख्या में कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने के कारण डिवीजन,सब डिवीजन व कंप्लेंट सेंटर सूनसान पड़े रहें, बिजली खराबी, गलत बिलों को ठीक करने, मीटर बदलने,नए कनेक्शन आदि पब्लिक डिलिंग का काम काज बुरी तरह प्रभावित रहा, एचएसवीपी के बड़ी संख्या में कर्मचारियों के हड़ताल में शामिल होने के कारण पब्लिक डिलिंग व सफाई का काम नहीं हो पाया। हरियाणा टूरिज्म के लगभग शत-प्रतिशत कर्मचारी हड़ताल पर रहे।
पब्लिक हेल्थ, पीडब्ल्यूडी व सिंचाई विभाग, हैफेड,मंडी बोर्ड, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, रिवेन्यू, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग आदि अनेक विभागों के कर्मचारी भी हड़ताल पर रहे।
निम्न कर्मचारी व मजदूर नेताओं ने किया संबोधित
बीके चौक नगर निगम मुख्यालय पर आयोजित सभा को सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की पूर्व उप प्रधान आशा शर्मा,अलावा नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के डिप्टी जरनल सेकेट्री सुनील चिंडालिया, जिला प्रधान दलीप बोहत, सचिव अनिल चिंडालिया, एएचपीसी वर्कर यूनियन के राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष शब्बीर अहमद गनी, मैकेनिकल वर्कर यूनियन के हितेंद्र शर्मा, जगदीश चंद्र,देवी सिंह, आशा वर्कर यूनियन की जिला प्रधान हेमलता, सचिव सुधा, रवि गुलिया,आंगनवाड़ी वर्कर्स एंड हैल्पर्स यूनियन की जिला प्रधान देविन्द्री शर्मा व सचिव मालवती, ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के उप प्रधान देवी राम
आदि ने संबोधित किया।
