
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने जानकारी देते हुए बताया कि फरीदाबाद शहर में हरियाली को बढ़ावा देने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने तथा नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मार्च – 2026 में “फ्लावर फेस्टिवल” का आयोजन किया जा रहा है। जानकारी के लिए आपको बता दे की पहले हुडा विभाग की ओर से सेक्टर -12 स्थित टाउन पार्क में पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन किया जाता था , लेकिन मार्च- 2018 के बाद इसका आयोजन बंद कर दिया गया था |
निगम आयुक्त ने बताया कि यह उत्सव 14 व 15 मार्च 2026 को टाउन पार्क, सेक्टर-12 / रोज गार्डन, एनआईटी फरीदाबाद में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। इस फ्लावर फेस्टिवल के अंतर्गत मौसमी फूलों की आकर्षक प्रदर्शनी, थीम आधारित गार्डन, वर्टिकल गार्डन, पॉटेड प्लांट्स, बोन्साई, कैक्टस एवं सक्युलेंट्स, कट फ्लावर डिस्प्ले तथा पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विभिन्न जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही स्कूलों, कॉलेजों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (RWAs), निजी नर्सरियों, सरकारी विभागों एवं आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
फेस्टिवल में बच्चों एवं युवाओं के लिए ऑन-द-स्पॉट गतिविधियाँ जैसे फ्लावर पेंटिंग, ड्राइंग, फ्लावर कोलाज, इको-क्विज़ एवं नेचर-थीम पर फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताएँ भी आयोजित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त फ्लोरल अरेंजमेंट, फ्लावर रंगोली, फ्लोरल मॉडल्स, गार्डन डिस्प्ले एवं फोटोग्राफी प्रतियोगिता जैसी रचनात्मक श्रेणियाँ भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
निगम आयुक्त ने जानकारी दी कि इस कार्यक्रम को पूरी तरह इको-फ्रेंडली तरीके से आयोजित किया जाएगा। सिंगल-यूज़ प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, कचरे का स्रोत पर पृथक्करण किया जाएगा तथा पुष्प अपशिष्ट का कंपोस्टिंग के माध्यम से निपटान किया जाएगा। सुरक्षा, स्वच्छता, ट्रैफिक प्रबंधन, फायर सेफ्टी एवं प्राथमिक चिकित्सा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
नगर निगम फरीदाबाद द्वारा इस अवसर पर सर्वश्रेष्ठ गार्डन डिस्प्ले, सर्वश्रेष्ठ इको-फ्रेंडली स्टॉल, नवाचार के लिए पुरस्कार, पीपल्स चॉइस अवॉर्ड, महिला सहभागिता एवं प्रथम-बार प्रतिभागी जैसी श्रेणियों में सम्मान प्रदान किए जाएंगे।
नगर निगम फरीदाबाद शहर के सभी नागरिकों, संस्थानों, शैक्षणिक संगठनों, नर्सरी संचालकों, सामाजिक संगठनों एवं पर्यावरण प्रेमियों से इस फ्लावर फेस्टिवल में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करता है, ताकि फरीदाबाद को और अधिक हरा-भरा, स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सके।
