
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे/ डी.ए.वी. शताब्दी महाविद्यालय, फरीदाबाद के वाणिज्य विभाग (बी.कॉम – GIA) के विद्यार्थियों ने मीडिया जगत एवं राजनीतिक पत्रकारिता की कार्यप्रणाली को समझने के उद्देश्य से न्यूज़18 इंडिया टीवी स्टूडियो का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने न्यूज़18 इंडिया चैनल के चर्चित कार्यक्रम ‘लपेटे में नेताजी’ की 5 फरवरी 2026 को आयोजित लाइव रिकॉर्डिंग में भाग लिया और समाचार प्रसारण की प्रक्रिया को निकट से देखा।
यह शैक्षणिक भ्रमण महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। विभागाध्यक्ष एवं संयोजक (प्रेरक) डॉ. अंजु गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस भ्रमण में शिक्षक प्रभारी के रूप में श्री हार्दिक मल्होत्रा, सुश्री अनामिका एवं श्री रजत भड़ाना विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को स्टूडियो सेट-अप, प्रोडक्शन तकनीक, कैमरा संचालन तथा लाइव शूटिंग की प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया तथा उन्हें मीडिया वातावरण, राजनीतिक विमर्श एवं पत्रकारिता की भूमिका को निकट से समझने का महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त हुआ।
महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार ने इस शैक्षणिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। नई शिक्षा नीति (NEP) के अनुरूप, ऐसे भ्रमण विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान, संचार कौशल एवं समसामयिक विषयों की बेहतर समझ प्रदान करते हैं, जिससे उनका समग्र अकादमिक एवं व्यावसायिक दृष्टिकोण सुदृढ़ होता है।
