
फरीदाबाद जनतंत्र टुडे / हरियाणा के पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित होने जा रहे आगामी 39वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर क्राफ्ट फेस्टिवल–2026 की तैयारियों को लेकर आज हरियाणा पर्यटन निगम के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं मेला मुख्य प्रशासक पार्थ गुप्ता ने सूरजकुंड मेला परिसर का व्यापक निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेला परिसर में इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास, शिल्पकारों के स्टॉल, सांस्कृतिक मंच, बिजली-पानी व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा, पार्किंग, ट्रैफिक प्रबंधन, फायर सेफ्टी, स्वास्थ्य सेवाओं तथा पर्यटकों की सुविधा से जुड़े कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।
इस अवसर पर उपायुक्त फरीदाबाद आयुष सिन्हा, एडीसी सतबीर मान तथा डीसीपी मक़सूद अहमद सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
हरियाणा पर्यटन निगम के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं मेला मुख्य प्रशासक पार्थ गुप्ता ने कहा कि सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय क्राफ्ट मेला न केवल भारत का बल्कि विश्व स्तर पर पहचान बना चुका एक प्रतिष्ठित सांस्कृतिक आयोजन है। उन्होंने निर्देश दिए कि मेले में आने वाले शिल्पकारों, कलाकारों और पर्यटकों के लिए सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं के उच्चतम मानक सुनिश्चित किए जाएँ।
मेला मुख्य प्रशासक पार्थ गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कंट्रोल रूम, सीसीटीवी निगरानी, पुलिस बल की तैनाती, यातायात नियंत्रण, आपातकालीन सेवाएँ तथा महिला सुरक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि मेले की थीम “लोकल टू ग्लोबल” के अनुरूप शिल्प, सजावट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में स्थानीय पहचान को प्रमुखता दी जाए।
डीसी आयुष सिन्हा ने जिला प्रशासन की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि मेला आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। वहीं डीसीपी श्री मक़सूद अहमद ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियों की जानकारी दी और कहा कि मेले के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
