
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के दिशा निर्देशों पर निगम की एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा के मार्गदर्शन में अवैध पानी एवं सीवर कनेक्शनों को नियमित करने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों से पानी एवं सीवर कनेक्शन से संबंधित आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं।
दो दिन में आयोजित शिविरों के दौरान एसजीएम नगर, परशुराम बूस्टिंग, सेक्टर-10, आईपी कॉलोनी, सेक्टर-37, एमसीएफ कार्यालय एवं हनुमान मंदिर बल्लभगढ़ सहित विभिन्न स्थानों पर आवेदन प्राप्त हुए हैं।
पहले चरण में आयोजित शिविरों में कुल 86 पानी कनेक्शन एवं 88 सीवर कनेक्शन के आवेदन प्राप्त हुए, जबकि दूसरे दिन में लगाए गए शिविरों में कुल 69 पानी कनेक्शन एवं 69 सीवर कनेक्शन के आवेदन दर्ज किए गए हैं।
इस प्रकार अब तक दो दिनों में मिलाकर कुल 155 जल कनेक्शन तथा 157 सीवर कनेक्शन के आवेदन नगर निगम को प्राप्त हो चुके हैं।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि इन शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को एक ही स्थान पर सुविधा प्रदान करना है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपने जल एवं सीवर कनेक्शन को नियमित करा सकें। आने वाले समय में भी अन्य क्षेत्रों में इस प्रकार के शिविर लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
नगर निगम ने आमजन से अपील की है कि वे इन शिविरों का लाभ उठाकर अपने अवैध पानी व सीवर कनेक्शन को समय रहते नियमित कराएं और निगम के साथ सहयोग करें।
