
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / अयोध्या में भगवान श्रीराम की जन्मभूमि स्थान पर रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह की वर्षगांठ के अवसर पर औद्योगिक नगरी में बृहस्पतिवार को सिद्धपीठ हनुमान मंदिर एनआइटी नंबर-2 से भव्य राम रथ यात्रा निकाली गई। श्रद्धालु श्री राम रथ को खींचने को उत्साहित दिखे। राम रथ यात्रा का शुभारंभ गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज, धार्मिक गुरु पीर जगन्नाथ, श्री राधा सर्वेश्वर मंदिर के महंत मुनिराज, विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रमेश गुप्ता, मेयर प्रवीन जोशी व भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल ने रथ पर सवार प्रभु राम, लक्ष्मण, मां सीता व हनुमान जी के स्वरूपों को तिलक कर व नारियल फोड़ कर किया। राम सेवक राजन मुथरेजा, संजय शर्मा पीके के संयोजन में मंदिर प्रबंध समिति के चेयरमैन श्याम सुंदर मुथरेजा व प्रधान सुशील मेहंदीरत्ता की अध्यक्षता में निकली भव्य रथ यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि सनातन संस्कृति व परंपराएं शांति व सद्भाव का आधार बन सकती हैं। पूरे विश्व में युवाओं की संख्या ज्यादा है, जब युवा राम के आदर्शों पर चल कर काम करेंगे, उनमें सनातन का भाव होगा तो न सिर्फ भारत देश के लिए बल्कि पूरे विश्व के उज्जवल भविष्य के लिए अच्छा होगा।
इस विशेष अवसर पर पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार वोहरा, कारोबारी कुलदीप अरोड़ा, सुरेंद्र बजाज विशिष्ट अतिथि थे। रथयात्रा में ढोल-नगाड़ों की धुन पर और राम जी को समर्पित मेरी चौखट पे चल के आज चारों धाम आए हैं और राम कहने से तर जाएगा, पार भव से उतर जाएगा आदि भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। रथयात्रा मंदिर प्रांगण से निकलकर एनआइटी के एक, दो, तीन, चार व पांच नंबर की 15 किलोमीटर मार्ग की परिक्रमा करते हुए निकली तो राम भक्तों ने पुष्प वर्षा कर और श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न तरह के पकवान बनाकर रथ यात्रा का अभिनंदन किया।
