
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / तीन दिवसीय मेगा रोड सेफ्टी जागरूकता कार्यशाला का
सफलतापूर्वक शुभारंभ हुआ। इस कार्यशाला का आयोजन रोड सेफ्टी क्लब एवं
एनएसएस सेल, अग्रवाल कॉलेज, बल्लभगढ़ द्वारा होंडा मोटर्स, मानेसर के
सहयोग से अग्रवाल कॉलेज, विंग–II के ऑडिटोरियम में किया गया। यह कार्यक्रम
कॉलेज गवर्निंग बॉडी के माननीय अध्यक्ष श्री देवेंद्र कुमार गुप्ता, महासचिव श्री
दिनेश कुमार गुप्ता तथा कार्यवाहक प्राचार्य श्री संजीव कुमार गुप्ता के कुशल
मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिनके निरंतर सहयोग एवं प्रेरणा से यह कार्यक्रम
सार्थक एवं प्रभावशाली बन सका।
इस कार्यशाला का संयोजन डॉ. प्रियंका सेहरावत (संयोजक, रोड सेफ्टी क्लब एवं
कार्यक्रम अधिकारी एनएसएस यूनिट–II), श्रीमती अनीता वशिष्ठ (कार्यक्रम
अधिकारी एनएसएस यूनिट–III), श्रीमती प्रीति दीक्षित (कार्यक्रम अधिकारी
एनएसएस यूनिट–I) द्वारा श्री सुभाष एवं श्री लवकेश के सहयोग से किया गया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा नियमों एवं जिम्मेदार
सड़क व्यवहार के प्रति जागरूकता फैलाना था।
पहले दिन होंडा मोटर्स से सुश्री शर्मिष्ठा राजगुरु एवं श्री सौरव रोहिल्ला द्वारा
विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए गए। उन्होंने यातायात नियमों, सुरक्षा उपकरणों के
उपयोग, सुरक्षित वाहन चलाने के तरीकों, जिम्मेदार चालक के गुणों एवं सड़क
पर अनुशासन के महत्व पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। सत्र अत्यंत
संवादात्मक एवं ज्ञानवर्धक रहे, जिनमें लाइव उदाहरण, चर्चाएँ तथा उपहार हैम्पर्स
का वितरण भी किया गया।
कार्यशाला में बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इसके साथ ही एक रोड सेफ्टी रैली का भी आयोजन किया गया, जिसके माध्यम
से छात्रों एवं स्वयंसेवकों ने आम जनता को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक
किया। वक्ताओं ने सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने में युवाओं की भूमिका पर विशेष
बल दिया तथा छात्रों को जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला के प्रथम दिन को विद्यार्थियों से अत्यंत सकारात्मक एवं
उत्साहजनक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता एवं
जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का उद्देश्य सफलतापूर्वक पूर्ण हुआ। इस
कार्यक्रम की सफलता में डॉ. मानसी त्यागी, डॉ. गीता रानी, सुश्री पूजा, डॉ.
जगवीर, श्री मोहित हुड्डा, श्री अमित राघव तथा तकनीकी टीम का महत्वपूर्ण
सहयोग रहा, जिन्होंने कार्यक्रम के सुचारु संचालन एवं प्रभावी क्रियान्वयन को
सुनिश्चित किया।
