
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / सीईओ, जिला परिषद फरीदाबाद शिखा ने बताया कि उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में सरस मेला 2024–25 का आज सफलतापूर्वक समापन हो गया। यह मेला 22, दिसंबर-2025 को आरंभ हुआ था और नववर्ष के साथ निरंतर चलते हुए 5, जनवरी – 2026 को संपन्न हुआ। मेले को फरीदाबाद की जनता से अत्यंत सकारात्मक और उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली।
सीईओ जिला परिषद शिखा ने बताया कि इस सरस मेले में लगभग 150 स्टॉल लगाए गए थे, जिनमें विभिन्न राज्यों से आए फूड स्टॉल्स, हस्तशिल्प और कला उत्पाद शामिल थे। देश के 10 से अधिक राज्यों ने इस मेले में भागीदारी की। विशेष रूप से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पाद, आर्टिफैक्ट्स और हस्तशिल्प लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे।
उन्होंने कहा कि यह बताते हुए अत्यंत हर्ष हो रहा है कि इस मेले के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की लगभग पौने चार करोड़ रुपये की बिक्री हुई, जिससे उनके चेहरों पर खुशी और आत्मनिर्भरता का भाव स्पष्ट दिखाई दिया। यह मेला महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
सीईओ ने बताया कि मेले में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रखा गया था, जिससे बड़ी संख्या में लोग परिवार सहित पहुंचे और शीतकालीन मौसम का आनंद लेते हुए दिनभर मेले का आनंद लिया। लोगों ने विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया और सांस्कृतिक वातावरण का भरपूर लुत्फ उठाया।
सीईओ जिला परिषद शिखा ने मेले के सफल आयोजन के लिए सभी सहभागियों, स्वयं सहायता समूहों, विभागीय अधिकारियों और फरीदाबाद की जनता का आभार व्यक्त किया।
