
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / भारत के महान शिक्षाविद्, स्वतंत्रता सेनानी, आर्य समाज के सन्यासी एवं महर्षि दयानंद की शिक्षाओं का प्रसार करने वाले स्वामी श्रद्धानंद का आज 99वां बलिदान दिवस ग्रेटर फरीदाबाद स्थित श्रद्धा मंदिर स्कूल परिसर में बड़ी सादगी और उत्साह के साथ मनाया गया, जहां निधि पब्लिक स्कूल , ब्राइट फ्यूचर स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भी हिस्सा लिया। इस अवसर पर एक विशाल शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। जिसमें शहर की विभिन्न आर्य समाजों के पदाधिकारियों, विभिन्न गुरुकुलों के ब्रह्मचारियों ने लगभग 4 किलोमीटर लंबी शोभा यात्रा में अपनी सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक, आर्य समाज सेक्टर 19 के पूर्व प्रधान एवं श्रध्दा मंदिर स्कूल के प्रिंसिपल डॉ. गजराज सिंह आर्य ने सभी अतिथियों का अंग वस्त्र पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर डॉ नरेंद्र आहूजा, अमन सिंह शास्त्री, महेश आर्य ,संजय खट्टर, देशबंधु आर्य ,स्वामी आनंद मित्र , अशोक आर्य, मूलचंद आर्य, राजकुमार आर्य, अनुज प्रताप सिंह चौहान, जितेंद्र तायल, डॉक्टर वीरेंद्र शास्त्री योगाचार्य सहित अनेक आर्य समाज के संतों ने भी शोभा यात्रा में अपनी भूमिका निभाई।
इस अवसर पर डॉक्टर गजराज सिंह आर्य ने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद सरस्वती ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों को न्यौछावर कर दिया। उन्होंने आर्य समाज के लिए जीवन पर्यंत कार्य किया हिंदू धर्म से भटक चुके लोगों को पुनः हिंदू धर्म में मिलाने का कार्य किया, लेकिन 23 दिसंबर 1926 को एक व्यक्ति द्वारा उनकी हत्या कर दी गई । जिसके कारण देश ने एक महान स्वतंत्रता सेनानी और समाज सुधारक को खो दिया । शोभा यात्रा श्रद्धा मंदिर स्कूल से चलकर ग्रेटर फरीदाबाद की विभिन्न कॉलोनी, सोसाइटियों के समक्ष से गुजरते हुए पुनः कार्यक्रम स्थल पर पहुंची।
शोभा यात्रा का लोगों ने जगह- जगह भारी स्वागत किया। शोभा यात्रा के दौरान मंझावली गुरुकुल के ब्रह्मचारियों द्वारा योग प्रदर्शनों का आयोजन भी किया।
