
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सराय ख्वाजा फरीदाबाद की सैंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड और जूनियर रेडक्रॉस ने राष्ट्रीय गणित दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए। सैंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड और जूनियर रेडक्रॉस प्रभारी प्राचार्य प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने विद्यार्थियों को संबोधन में कहा कि गणित के प्रेमियों के और गणित में रुचि लेने वालों के लिए आज एक महत्वपूर्ण दिन है आज श्रीनिवास रामानुजम के जन्मदिवस की एक सौ अड़तीसवीं वर्षगांठ है तथा हम चौदहवां राष्ट्रीय गणित दिवस मना रहे हैं।
गणितज्ञों का मानना है कि गणित का मानव जीवन के विकास में बहुत महत्व है। लोगों को गणित के प्रति जागरुक करना इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य है। विश्व विख्यात गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन ने गणित को सरल बनाने और लोगों के बीच इसकी लोकप्रियता बढ़ाने के लिए अत्यधिक प्रयास किए। प्राचार्य मनचंदा ने कहा कि 13 वर्ष की आयु में उन्होंने लंदन विश्वविद्यालय के प्रोफेसर एस. एल. लोनी की विश्व प्रसिद्ध त्रिकोणमिति पर लिखित पुस्तक को पढ़कर अपनी स्वयं की मैथमेटिकल थ्योरी बनाई। उन्होंने बहुत ही कम आयु में बिना किसी की सहायता लिए प्रमेय की रचना की थी। इस विशेष योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें सम्मान से अलंकृत किया था। इसके पश्चात उन्होंने नए नए गणित के फॉर्मूले भी लिखें। श्रीनिवास रामानुजन की 33 वर्ष की बहुत ही कम आयु में टीबी रोग से ग्रस्त होने के कारण 26 अप्रैल 1920 को मृत्यु हो गई।
प्राध्यापिका दीपांजलि, संदीप, अमित चौहान और सुनील कुमार के सहयोग से मनाए जा रहे गणित सप्ताह में प्रोजेक्ट, एस रामानुजम पर आधारित लघु फिल्म और पोस्टर मेकिंग कंपटीशन के माध्यम से गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। प्राचार्य मनचंदा ने गणित के सभी प्राध्यापकों और अध्यापकों का विभिन्न कार्यकलापों से राष्ट्रीय गणित दिवस पर विशेष आयोजन की सराहना की और बालिकाओं निशा, कनिष्का, चांदनी, साधना, कोमल, निधि सहित सभी की बढ़ चढ़ कर प्रतिभागिता करने के लिए अभिनंदन किया। बालिकाओं ने गणित में भारतीय इतिहास तथा अन्य वर्किंग मॉडल्स बना कर गणित में रचनात्मकता का परिचय भी दिया।
प्राचार्य मनचंदा ने सभी अध्यापकों से आग्रह किया कि विद्यार्थियों को गणित विषय को रोचक बनाते हुए तथा रुचि विकसित करते हुए सरल माध्यम से करवाएं।
